MP News: आंगन से मासूम का अपहरण और सामूहिक दरिंदगी, सीधी में इंसानियत तार-तार, एक दबोचा गया
मध्य प्रदेश के सीधी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 2 मई की रात अपने घर के आंगन में मां के साथ सो रही एक नाबालिग किशोरी का तीन युवकों ने अपहरण कर लिया। आरोपी उसे पास के जंगल में ले गए और बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मध्य प्रदेश के सीधी जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की घटना को अंजाम दिया गया है। आरोपियों ने इस घिनौनी वारदात को उस वक्त अंजाम दिया जब पीड़िता अपने घर के आंगन में अपनी मां के साथ सो रही थी।
रात के अंधेरे में अपहरण और दरिंदगी
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना 2 मई की रात की है। भीषण गर्मी के कारण पीड़िता अपनी मां के साथ घर के आंगन में सोई हुई थी। रात के सन्नाटे का फायदा उठाते हुए गांव के ही तीन युवक वहां पहुंचे। उन्होंने सो रही नाबालिग का मुंह दबाया और उसे जबरन उठाकर पास के जंगल की ओर ले गए। जंगल के सुनसान इलाके में तीनों आरोपियों ने बारी-बारी से किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। रात भर दरिंदगी का शिकार बनाने के बाद, सुबह होते ही आरोपी पीड़िता को बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गए।
सुबह घर पहुंची पीड़िता, मां को सुनाई आपबीती
सुबह किसी तरह रोती-बिलखती हुई पीड़िता अपने घर पहुंची और अपनी मां को इस खौफनाक मंजर की जानकारी दी। घटना सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। बिना देर किए मां अपनी बेटी को लेकर 3 मई को कोतवाली थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। शाम करीब 5:00 बजे तक मामला पंजीबद्ध कर लिया गया और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया।
ये भी पढ़ें- Bhopal: अरेरा कॉलोनी में वृद्ध दंपति से डिजिटल अरेस्ट कर 37 लाख की ठगी; मुंबई पुलिस व CBI अधिकारी बनकर डराया
पुलिस की कार्रवाई: एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश
मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने विवेचना तेज कर दी है। इस मामले में पुलिस को प्रारंभिक सफलता मिली है। कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, जो कि नाबालिग (विधि विरुद्ध बालक) है। हालांकि, घटना में शामिल दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
डीएसपी के नेतृत्व में जांच, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी कमान डीएसपी मुख्यालय अमन मिश्रा को सौंपी गई है। पूरी जांच उन्हीं की देखरेख में की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही शेष दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। वहीं, इस घटना ने स्थानीय निवासियों को झकझोर कर रख दिया है। पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश है और लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके।
