MP: अंधविश्वास के शक में दो की निर्मम हत्या, वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी ने जानें कैसे बिछाया था जाल?
सिंगरौली के अतरावा गांव में एक युवक ने अंधविश्वास के शक में दो लोगों की धारदार हथियार से हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आए दो ग्रामीण घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
सिंगरौली जिले के अतरावा गांव में गुरुवार सुबह दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। एक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर दो लोगों की हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आए दो अन्य ग्रामीणों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई। आरोपी छत्रपति सिंह (21) ने पड़ोस में रहने वाली फुलकुमारी सिंह (50) और केमला सिंह (65) पर धारदार हथियार से हमला किया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से पूजा-पाठ से जुड़ी सामग्री मिलने के बाद जादू-टोना और अंधविश्वास से जुड़े कारणों की आशंका जताई जा रही है।
बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसियों पर भी हमला
चीख-पुकार सुनकर बचाने पहुंचे सुमित्रा सिंह और रामभजन सिंह पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका उपचार जारी है।
पूजा के बहाने बुलाया था
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने घर के बाहर दो दिन पहले मिट्टी का चबूतरा बनवाया था और गुरुवार सुबह पूजा करने की बात कहकर पड़ोसियों को बुलाया था। बताया जा रहा है कि पूजा के दौरान ही उसने अचानक हमला कर दिया। मौके से नारियल और अगरबत्ती सहित अन्य पूजा सामग्री भी बरामद हुई है।
मानसिक तनाव में था आरोपी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छत्रपति सिंह पिछले छह माह से मानसिक तनाव में था। उसकी पत्नी का हाल ही में गर्भपात (मिसकैरेज) हुआ था, जिसके बाद वह देवी-देवताओं के नाराज होने की बात कहता था। इसी अंधविश्वास के चलते उसने पूजा-पाठ कराया और वारदात को अंजाम दे दिया।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

कमेंट
कमेंट X