एमपी में लोकायुक्त का बड़ा एक्शन: सिंगरौली शिक्षा विभाग में करोड़ों का घोटाला, DEO समेत कई अफसरों पर केस दर्ज
सिंगरौली शिक्षा विभाग में करोड़ों की खरीदी घोटाले का खुलासा हुआ है। लोकायुक्त ने DEO सहित कई अधिकारियों पर केस दर्ज किया। जांच में टेंडर और भुगतान में गड़बड़ी मिली। टीम ने दस्तावेज जब्त कर विस्तृत जांच शुरू की।
विस्तार
सिंगरौली जिले के शिक्षा विभाग में सामान की खरीदी में हुए करोड़ों रुपए के घोटाले को लेकर लोकायुक्त ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) समेत कई अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
जांच में सामने आया है कि नियमों का पालन किए बिना बड़े पैमाने पर भुगतान किया गया। इसमें तीन बड़ी गड़बड़ियां पाई गई हैं। पहला 19 स्कूलों के लिए करीब 4.68 करोड़ रुपए की खरीदी, दूसरा 61 स्कूलों में बिजली के सामान और मरम्मत पर लगभग 3.05 करोड़ रुपए खर्च और तीसरा 558 स्कूलों के लिए साफ-सफाई के सामान पर करीब 98 लाख रुपए का भुगतान किया गया। इन सभी मामलों में टेंडर और पेमेंट की प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप हैं।
पढ़ें: 'सनातन पर प्रहार करने वाला खुद होता कमजोर', जूना अखाड़ा पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज बोले
लोकायुक्त रीवा ने जिला शिक्षा अधिकारी सूर्यभान सिंह, सहायक संचालक राजधर साकेत, जिला परियोजना समन्वयक रामलखन शुक्ल और वित्त विभाग के छविलाल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। लोकायुक्त की टीम सिंगरौली पहुंची और शिक्षा विभाग के दफ्तर से टेंडर, बिल और सप्लाई से जुड़े जरूरी दस्तावेज जब्त किए। लोकायुक्त एसपी सुनील पाटीदार ने बताया कि शुरुआती जांच में आरोप सही लगे हैं, इसलिए अब पूरे मामले की विस्तार से जांच की जा रही है।

कमेंट
कमेंट X