Sagar: मैप ऑन किया और पहुंच गया जेल, 1500 पेटी शराब लेकर सीधे पुलिस के जाल में घुसा ड्राइवर
Sagar: सागर जिले में मकरोनिया थाना पुलिस और यातायात विभाग ने 1500 पेटी शराब से भरे एक ट्रक को पकड़ा है। चालक का दावा है कि वह इंदौर से रीवा जा रहा था, लेकिन गूगल मैप के गलत रूट की वजह से शहर के अंदर पहुंच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सागर जिले में मकरोनिया थाना पुलिस और यातायात विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब से भरे एक आयशर ट्रक को पकड़ा है। ट्रक में करीब 1500 पेटी ‘बॉम्बे व्हिस्की’ लोड थी, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि ट्रक चालक का दावा है कि वह गूगल मैप के गलत रास्ते की वजह से पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
इंदौर से रीवा जा रही थी शराब की खेप
पूछताछ के दौरान चालक ने पुलिस को बताया कि शराब की खेप इंदौर के बड़वाह से लोड की गई थी और उसे रीवा पहुंचाना था। निर्धारित रूट के अनुसार ट्रक को जबलपुर होकर गुजरना था। चालक के मुताबिक, रास्ता खोजने के लिए उसने गूगल मैप का सहारा लिया, लेकिन मैप ने उसे ऐसा रास्ता दिखाया कि वह मुख्य हाईवे छोड़कर सीधे सागर शहर के भीतर पहुंच गया। इसी दौरान मकरोनिया पुलिस और यातायात विभाग की टीम ने ट्रक को रोक लिया।
चालक ने दिखाए वैध दस्तावेज
ट्रक पकड़े जाने के बाद चालक ने दावा किया कि शराब परिवहन से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज उसके पास मौजूद हैं और माल पूरी तरह वैध है। हालांकि, पुलिस को चालक की कहानी पर संदेह है। अधिकारियों का कहना है कि तय रूट छोड़कर शहर के भीतर प्रवेश करना और इतना लंबा डायवर्जन लेना कई सवाल खड़े करता है।
पुलिस को तस्करी की आशंका
मकरोनिया थाना पुलिस का मानना है कि मामला केवल रास्ता भटकने का नहीं भी हो सकता। पुलिस को शक है कि शराब की खेप को कहीं और खपाने की तैयारी थी। फिलहाल ट्रक को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।
आबकारी विभाग भी जांच में जुटा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शराब की बोतलों के बैच नंबर और परमिट की बारीकी से जांच की जा रही है। मामले की सूचना आबकारी विभाग को भी दे दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ट्रक वास्तव में रास्ता भटककर शहर में पहुंचा था या फिर इसके पीछे कोई तस्करी का नेटवर्क काम कर रहा था।
ये भी पढ़ें: भोपाल में विवादित टिप्पणी पर बढ़ा तनाव: देर रात सड़कों पर उतरा मुस्लिम समाज, सख्त कार्रवाई की मांग
जांच के बाद होगा खुलासा
पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों और रूट की पूरी जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि शराब की खेप पूरी तरह वैध थी या अवैध तस्करी के उद्देश्य से ले जाई जा रही थी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X