बड़ी कार का शौक किसे नहीं होता, हर कोई सेडान कार का आनंद उठाना चाहता है। लोगों की इस ख्वाहिश को समझने में कार कंपनियों ने देर नहीं लगाई और उन्होंने कारों का नया सेगमेंट कॉम्पैक्ट सेडान की शुरुआत की। कार निर्माता कंपनियों ने इस सेगमेंट में अपनी हैचबैक गाड़ियों को छोटे बदलाव (सेडान लुक) के साथ उतारा। इस सेगमेंट की गाड़ियों को जबरदस्त सफलता मिली। जिसे देखते हुए सभी कार कंपनियां इस सेगमेंट में अपनी कारें उतारने में लगी हैं। हाल में लॉन्च हुई हुंडई एक्सेंट फेसलिफ्ट के बाद इस सेगमेंट में घमासान मच गया है। तो आइए बताते हैं आपको इस सेगमेंट में हो रहे दंगल के बारे में...
हुंडई एक्सेंट फेसलिफ्ट ने कॉम्पैक्ट सेडान सेगमेंट में लगाई आग, इन कारों से होगा मुकाबला
हुंडई एक्सेंट फेसलिफ्ट
हुंडई एक्सेंट फेसलिफ्ट में कंपनी ने 1.2 लीटर का डुअल वीटीवीटी पेट्रोल इंजन दिया है, जो कार को 83 पीएस की ताकत प्रदान करता है। वहीं कार में 1.2 लीटर का डीजल इंजन दिया गया है जो 75 पीएस की ताकत पैदा करता है। कार में 5 स्पीड यूनिट वाला मैन्यूअल गियरबॉक्स मौजूद है। हुंडई का दावा है कि कार के पेट्रोल वेरिएंट का माइलेज 20.14 किमी प्रति लीटर है। जबकि डीजल वेरिएंट का माइलेज 25.4 किमी प्रति लीटर है। हुंडई एक्सेंट फेसलिफ्ट की शुरुआती कीमत 5.38 लाख रुपये एक्स शोरूम दिल्ली है। कार के टॉप मॉडल की कीमत 8.41 लाख रुपये है।
टाटा टिगोर
टाटा ने टिगोर को जल्द ही लॉन्च किया है। टाटा की इस एंट्री लेवल सेडान कार की शुरुआती कीमत 4.7 लाख रुपये है। कार में 1.2 लीटर का तीन सिलेंडर वाला पेट्रोल इंजन लगा है, जो कार को 85 पीएस की ताकत प्रदान करता है। वहीं डीजल वेरिएंट में 1.2 लीटर का डीजल इंजन दिया गया है, जो कार को 70 पीएस की ताकत प्रदान करता है। दोनों ही इंजन के साथ 5 स्पीड वाला मैन्यूअल गियरबॉक्स दिया गया है। टाटा की माने तो कार के पेट्रोल वेरिएंट का माइलेज 20.3 किमी प्रति लीटर और डीजल वेरिएंट का माइलेज 24.7 किमी प्रति लीटर है।
निसान सनी
निसान की सनी वैसे तो प्रीमियम सेडान कार है, लेकिन हमनें सनी को इस सेगमेंट में कार के प्राइस के कारण शामिल किया है। निसान ने 20 अप्रैल को सनी की कीमत में लगभग 2 लाख रुपये की कटौती की है। निसान सनी की शुरुआती कीमत 6.99 लाख रुपये एक्स शोरूम दिल्ली है। कार में 1.5 लीटर का पेट्रोल इंजन और 1.5 लीटर का के9के डीजल इंजन मौजूद है। कंपनी का दावा है कि गाड़ी के डीजल वेरिएंट का माइलेज 22.71 किमी प्रति लीटर है।
मारूति स्विफ्ट डिजायर
मारूति जल्द ही डिजायर का फेसलिफ्ट वर्जन लॉन्च करने वाली है। खबरें हैं कि डीलरों ने इस कार की अनाधिकारिक तौर पर प्रीबुकिंग भी शुरू कर दी है। मौजूदा डिजायर 1.2 लीटर के पेट्रोल इंजन व 1.3 लीटर के डीजल इंजन के विकल्प के साथ आती है। कार में 5 स्पीड वाला मैन्यूअल गियरबॉक्स और 4 स्पीड यूनिट वाला ऑटोमेटिक गियरबॉक्स का विकल्प भी मिलता है। कार की शुरुआती कीमत 5.27 लाख रुपये एक्स शोरूम दिल्ली है। मारूति के अनुसार गाड़ी के डीजल वेरिएंट का माइलेज 26.59 किमी प्रति लीटर है।
