मारुति ने बुधवार को ही अपनी सबसे ज्यादा बिकने वाली हैचबैक Maruti Swift का फेसलिफ्ट वर्जन लॉन्च किया है। नई फेसलिफ्ट में कई खूबियां हैं, लेकिन एक खास बात जो सबसे जरूरी है कि नई स्विफ्ट 23.76 किमी प्रति लीटर तक का माइलेज देती है, जबकि पुरानी स्विफ्ट एक लीटर पेट्रोल में 21.21 किमी तक ही चलती थी। आइए जानते हैं जबरदस्त माइलेज देने वाली पेट्रोल कारों के बारे में, जो 90.93 रुपये प्रति लीटर (दिल्ली में) के पेट्रोल में हर किमी पर कितना खर्च करती हैं ...
ये हैं फुल 'पेट्रोल' वसूल जबरदस्त माइलेज देने वाली कारें, प्रति किमी खर्च करती हैं रिक्शे के भाड़े से भी कम!
मारुति सुजुकी डिजायर AMT (24.12 किमी प्रति लीटर)
मारुति की बेस्ट सेलिंग सेडान माइलेज के मामले में जबरदस्त है। सब-कॉम्पैक्ट सेडान सेगमेंट में काफी लोकप्रिय सुजुकी की Maruti Dzire (मारुति डिजायर) कार में K12B Dual VVT 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन दिया गया है। मारुति ने कुछ दिनों पहले डिजायर का फेसलिफ्ट वर्जन उतारा है। Maruti Dzire के मैनुअल ट्रांसमिशन में 23.26 किलोमीटर का माइलेज मिलता है, वहीं AMT ट्रांसमिशन का माइलेज 24.12 किलोमीटर प्रति लीटर है। यानी कि हर किमी के लिए आपको 3.76 रुपये खर्च करने होंगे।
मारुति बलेनो/टोयोटा ग्लैंजा (23.87 किमी प्रति लीटर)
ये दोनों कारें एक ही हैं, बस अलग-अलग नामों से बिकती हैं। दोनों कारों में 80 एचपी की पावर और 113 एनएम के टॉर्क वाला 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है, जो माइल्ड-हाइब्रिड टेक्नॉलजी से लैस है। इसका माइलेज 23.87 किलोमीटर प्रति लीटर है। ये दोनों कारें 83 एचपी पावर वाले 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन ऑप्शन के साथ भी आती हैं, जिसमें मैनुअल गियरबॉक्स के साथ 21.01 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज मिलता है, वहीं CVT ट्रांसमिशन के साथ 19.56 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज मिलता है। वहीं हर किमी के लिए बलेनो 3.80 रुपये खर्च करती है।
Renault Kwid 1.0 AMT (22.50 किमी प्रति लीटर)
तीन लाख रुपये की शुरुआती कीमत में आने वाली एंट्री लेवल हैचबैक Renault Kwid (रेनो क्विड) कार दो इंजन के विकल्प के साथ आती है, 54 एचपी पावर वाले 0.8-लीटर और 68 एचपी पावर वाले 1.0-लीटर पेट्रोल इंजन। लेकिन इसका 1-लीटर इंजन AMT गियरबॉक्स के साथ 22.50 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देता है। वहीं 0.8-लीटर इंजन का माइलेज 22.30 किलोमीटर प्रति लीटर है, जबकि मैनुअल गियरबॉक्स के साथ 1-लीटर इंजन 21.7 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज है। यानी कि रेनो क्विड हर किमी के बदले 4.04 रुपये खर्च करती है।
मारुति सुजुकी ऑल्टो (22.05 किमी प्रति लीटर)
मारुति सबसे ज्यादा माइलेज देने वाली कारें बनाती है। हालांकि बीएस6 इंजन आने के बाद में माइलेज में मामूली से कमी आई है। Maruti Suzuki की एंट्री लेवल हैचबैक कार Alto में 22.05 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज मिलता है। वहीं सीएनजी मॉडल में यह कार 31.59 किलोमीटर प्रति किलोग्राम का माइलेज देती है। यानी कि अगर आप ऑल्टो चलाते हैं, तो हर किमी पर यह कार 4.12 रुपये खर्च करती है।