कोरोना से जुड़ी कड़वी यादों के साथ साल 2020 विदा होने वाला है। साल के आखिरी दिन होते हैं मंथन के, ताकि आने वाले साल में अपनी बुराइयों को हम आगे साथ लेकर न चलें। ये खराब आदतें चाहे व्यावहारिक जगत से जुड़ी हुई हों या हमारी ड्राइविंग हैबिट्स से। साल 2021 की शुरुआत से ही हम प्रण लें कि रैश ड्राइविंग, रेड लाइट जंपिंग जैसी आदतों से परहेज करेंगे, जो हमारे साथ-साथ दूसरों की जान के लिए भी घातक हैं। आइए जानते हैं कुछ ऐसी खराब ड्राइविंग हैबिट्स के बारे में, जिनसे हमें परहेज करना चाहिए...
Year Ender 2020: ड्राइविंग से जुड़ी इन आदतों को करें अलविदा, नई सीख से करें 2021 का वेलकम
क्लच पर पैर रखने से तौबा
ज्यादातर मैनुअल ड्राइविंग करने वाले लोग इस खराब आदत के शिकार हैं। जाने-अनजाने में पैर क्लच तक पहुंच ही जाता है। मैनुअल कारों में क्लच की बेहद अहमियत होती है। क्लच पर पैर रख कर एक्सेलरेटर दबाने से क्लच प्लेट जल्दी घिसती हैं, जो आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है। क्लच पर पैर रखने का ये भी नुकसान है कि जब कभी आपको अचानक ब्रेक लगाने की जरूरत पड़ेगी, तो आपका अवचेतन मन ब्रेक लीवर दबाने की बजाय क्लच लीवर दबा देगा, जिससे दुर्घटना हो सकती है।
ब्रेक पर न रखें पैर
कुछ लोगों को हॉफ क्लच पर पैर रख कर ड्राइविंग करने की आदत होती है, तो कुछ ब्रेक पर पैर रख ड्राइव करते हैं। हाफ ब्रेक पर पैर रखने से ब्रेक पैड जल्दी घिसते हैं और हीट-अप हो जाते हैं। जिससे ब्रेक फ्लुइड भी जल्दी घिसता है। इसकी वजह से जब कभी आपको इमरजेंसी में ब्रेक लगाने की जरूरत पड़ेगी तो गाड़ी को रोकने के लिए जरूरी हाइड्रॉलिक प्रेशर नहीं बन पाएगा। अगर आप बेवजह के खर्चे से बचना चाहते हैं, तो इस आदत को जितनी जल्दी छोड़ दें, उतना बेहतर है।
गियर लीवर को न बनाएं आर्मरेस्ट
कुछ लोग ड्राइविंग के दौरान गियर को आर्मरेस्ट की तरह प्रयोग करते हैं। गियर लीवर का इस्तेमाल केवल गियर बदलने में ही किया जाता है। ज्यादतर बजट कारें बिना आर्मरेस्ट के साथ आती हैं, जिसके चलते अधिकांश लोग इस आदत का शिकार हो जाते हैं। लेकिन अगर आपको ऐसा करने की आदत है तो सावधान हो जाएं। क्योंकि ये आदत आपको हजारों का चूना लगा सकती है। असल में गियर लीवर के ऊपर लगातार हाथ रखने से गियर पर प्रेशर पड़ता है, जिससे बॉलबेयरिंग के साथ स्प्रिंग ढीला हो जाता है और गियरबॉक्स को नुकसान पहुंच सकता है।
हैजार्ड लाइट को सही इस्तेमाल
हमारे देश में अभी कई लोगों को हैजार्ड लाइट्स को सही इस्तेमाल नहीं जानते हैं। हैजार्ड लाइट्स का मुख्य काम यह बताना है कि सड़क पर वाहन स्थिर खड़ा है और उसकी वजह से यातायात में अस्थाई व्यावधान हो सकता है। सड़क पर वाहन के दुर्घटनाग्रस्त, पंक्चर होने या खराब होने के अलावा किसी भी आपात स्थिति में इन लाइट्स का इस्तेमाल होता है। अगर आप किसी वजह से रोड साइड गाड़ी खड़ी करते हैं तो इन्हें ऑन कर सकते हैं। हैजार्ड लाइट्स जब ब्लिंक करती हैं, तो सामने या पीछे से आ रहे वाहन चालक को पता चल जाता है कि आगे कोई आपात स्थिति है, ताकि वह अपना वाहन धीमे कर ले।