हाल ही में टाटा मोटर्स ने अपनी प्रीमियम हैचबैक कार एल्टरोज को टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन के सथ लॉन्च किया था। वहीं कंपनी ने इसके रेगुलर वैरियंट के मुकाबले टर्बो वैरियंट की कीमतों में मात्र 60 हजार रुपये की बढ़ोतरी की है। वहीं खास बात यह है कि इसके टॉप वैरियंट की कीमत 10 लाख रुपये से कम है। आइए जानते हैं 10 लाख से कम कीमत में आने वाली टर्बो हैचबैक कारों के बारे में...
ये हैं 10 लाख से कम कीमत में आने वाली टर्बो पेट्रोल इंजन हैचबैक-सेडान कारें, जानें इनके माइलेज के बारे में
ह्यूंदै ग्रैंड i10 Nios
ह्यूंदै ग्रैंड i10 Nios भारत में बिकने वाली सबसे छोटी हैचबैक है, जो टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ आती है। इसमें 1.0 लीटर का 3-सिलंडर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 98 बीएचपी की पावर और 170 एनएम का टॉर्क देता है। यह इंजन 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ आता है। इसका ARAI माइलेज 20.7 किमी प्रति लीटर है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 7.81 लाख रुपये से शुरू है।
ह्यूंदै i20
ह्यूंदै ने पिछले साल के आखिर में नई पीढ़ी की ह्यूंदै i20 को लॉन्च किया था। इस प्रीमियम हैचबैक कार में भी 1.0 लीटर का पेट्रोल इंजन दिया गया है, लेकिन इसकी परफॉरमेंस i10 के मुकाबले ज्यादा है। इसका इंजन 118 एचपी की पावर और 172 एनएम का टॉर्क देता है। यह इंजन 6-स्पीड इंटेलिजेंट मैनुअल ट्रांसमिशन और 7-स्पीड डुअल क्लच ट्रांसमिशन के साथ आता है। वहीं टर्बो इंजन के साथ i20 20 किमी प्रति लीटर तक का माइलेज देती है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 8.79 लाख रुपये है।
टाटा एल्टरोज
हाल ही में टाटा ने अपनी प्रीमियम हैचबैक कार को नए टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन के साथ लॉन्च किया था। इसमें टाटा नेक्सन की मोटर का डीट्यून वर्जन इस्तेमाल किया गया है। 1.2 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन 109 बीएचपी की पावर और 140 एनएम का टॉर्क देता है। एल्टरोज 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ उपलब्ध है। यह 18.13 किमी प्रति लीटर तक का माइलेज देती है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 7.73 से 8.85 लाख रुपये तक है।