पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पोती सहरइंदर कौर की शादी में फिल्म और राजनीतिक जगत की तमाम हस्तियां शामिल हुईं थीं। सैफ अली खान और अमृता सिंह के बेटे इब्राहिम अली खान भी शादी में पहुंचे थे। उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया में खूब वायरल हुईं थीं। लेकिन अब जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला का एक वीडियो वायरल है। वीडियो में फारूख अब्दुल्ला थिरकते नजर आ रहे हैं।
कैप्टन अमरिंदर सिंह की पोती की शादी में जमकर थिरके फारूक अब्दुल्ला, वीडियो वायरल, लोग बोले- जिंदादिली बरकरार
यह वीडियो भी कैप्टन अमरिंदर सिंह की पोती की शादी का है। डांस करते फारूक अब्दुल्ला कैप्टन अमरिंदर सिंह को नाचने के लिए बुलाते हैं। इस दौरान कैप्टन ताली बजाकर फारूक अब्दुल्ला का साथ देते हैं। बता दें कि फारूक अब्दुल्ला की उम्र 83 वर्ष है। लोगों को उनकी यह जिंदादिली खूब भा रही है। गौरतलब है कि पोती की शादी में लोकगीत गाते कैप्टन अमरिंदर सिंह का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। कैप्टन का यह अलग अंदाज लोगों को खूब पसंद आया।
कैप्टन अमरिंदर सिंह की पोती सहरइंदर कौर की शादी रविवार को दिल्ली के बिजनेसमैन आदित्य नारंग से मोहाली के सिसवां स्थित फार्म में सिख रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। समारोह में पारिवारिक सदस्य और रिश्तेदारों के अलावा फिल्म व राजनीतिक जगत की हस्तियां शामिल हुईं थीं।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पोती की शादी में जो गीत गाया, वह आमतौर पर पंजाब में डोली उठने के समय गाया जाता है। इस लोकगीत के बोल कुछ इस प्रकार हैं-
आज दी दिहाड़ी रख डोली नी मां...
रवां बाबुल दी बनके गोली नी मां...
बता दें कि सहरइंदर कौर कैप्टन के बेटे रणइंदर सिंह की बेटी हैं। उनके पति आदित्य नारंग दिल्ली के बिजनेसमैन देविन नारंग के बेटे हैं। विवाह काफी सादगीपूर्ण हुआ लेकिन पार्टियों का सिलसिला चार मार्च तक जारी रहा । सैफ अली खान और अमृता सिंह के बेटे इब्राहिम अली खान भी समारोह में शामिल हुए थे।
