गंदे तालाब का पानी यूं किया साफ, प्रधानमंत्री तक पहुंची मिसाल, जानें इस छोटे से गांव ने कैसे किया कमाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरपंच लक्ष्मण दास ने बताया कि तालाब के गंदे पानी को साफ करने के लिए इसे पांच भागों में बांटा गया है। गंदा पानी पहले भाग में आता है, जहां इसकी गाद जम जाती है। इसके बाद पानी को दूसरे भाग में डाल दिया जाता है। पांचों भागों में यही क्रम दोहराया जाता है। पांचवें हिस्से में जाने के बाद पानी पूरी तरह से साफ हो जाता है, जिसे किसानों को खेती के लिए उपलब्ध करवा दिया जाता है। लोग इंजन पंप में अपने खर्च पर डीजल डालकर खेतों की सिंचाई करते हैं। जब इस काम को शुरू किया गया तो विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने उनका उत्साह वर्धन किया था। गुप्ता ने अपने स्वैच्छिक अनुदान से इस प्रोजेक्ट को आर्थिक मदद भी दी थी।
गांव के पंच प्रेमचंद ने बताया कि इस प्रयोग का लाभ गांव की व्यायामशाला को भी मिल रहा है। इस तालाब से साफ होने वाले पानी को व्यायामशाला तक पहुंचाया जाता है। वहां पौधों की सिंचाई की जाती है। प्रेम चंद के अनुसार यह व्यायामशाला भी गांव के युवकों के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से सौगात साबित हो रही है। चंडीगढ़ परिवहन विभाग से सेवानिवृत्त बतौड़ निवासी हेम सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री ने मन की बात में उनके गांव का जिक्र कर दुनियाभर में गांववासियों का सम्मान बढ़ाया है। पंचकूला जिला अदालत में अधिवक्ता बतौड़ निवासी मोना ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री ने आज जिस प्रकार से गांववासियों की सराहना की है, उससे यहां उत्साह का वातावरण बना है। जब गांव के लोग स्वप्रेरणा से काम शुरू कर देते हैं, तो प्रशासन भी सहयोग करने लगता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब हरियाणा के प्रभारी थे, तब पांच वर्ष तक पंचकूला में रहे थे। उन्होंने जिले के प्रत्येक गांव का स्वयं भ्रमण किया है। उन्होंने पंचकूला को विकसित होते भी देखा है। आज जिस प्रकार गांव बतौड़ की पंचायत और गांववासियों ने सरपंच लक्ष्मण दास के नेतृत्व में पांच तालाबों का निर्माण कर गंदे पानी को साफ कर खेतों में सिंचाई के लिए प्रयोग किया है, यह एक अति सराहनीय प्रयास है। इससे गांव के साथ-साथ किसानों की खुशहाली के भी नए आयाम स्थापित होंगे। इसके साथ-साथ तालाब में मछली पालन का भी ठेका दिया है, इससे गांव की आय का सृजन भी हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात से दुनियाभर में इस गांव की पहचान स्थापित कर दी है। इसके लिए प्रधान मंत्री का आभार। - ज्ञानचंद गुप्ता, अध्यक्ष हरियाणा विधानसभा।