मॉडर्न कांप्लेक्स में हुए तिहरे हत्याकांड ने पूरी ट्राइसिटी को हिलाकर रख दिया है। 48 घंटे बाद भी पुलिस हत्याकांड की इस गुत्थी को नहीं सुलझा पाई है। हालांकि शुक्रवार को संजय के सुसाइड नोट से इस बात का खुलासा हो गया कि उनके साथ प्रॉपर्टी खरीद में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की गई थी, जिससे वह परेशान थे। इस मामले में वह पंचकूला पुलिस के ढीले रवैये से भी आहत थे।
मनीमाजरा तिहरे हत्याकांड पर पढ़ें कई खुलासे, संजय ने सुसाइड नोट में लिखी थी ये बात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कई बार थाने के चक्कर काटने के बाद भी उन्हें इंसाफ नहीं मिल रहा था। साथ ही सुसाइड नोट में उन्होंने इस बात का भी खुलासा किया है कि किराएदारों ने भी उन्हें किराया देना बंद कर दिया था, जिस कारण वह बेहद परेशान थे। उधर, पुलिस का कहना है कि उन्हें सीएफएसएल रिपोर्ट का इंतजार है। सुसाइड नोट की लिखावट संजय अरोड़ा की लिखावट से मैच हो रही है लेकिन सीएफएसएल की रिपोर्ट आने पर ही मामला साफ होगा। पुलिस ने सुसाइड नोट की पुष्टि करते हुए कहा कि आत्महत्या करने से पहले संजय ने सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें उन्होंने लिखा है कि कई लोगों ने प्रॉपर्टी बेचने के बहाने उनसे करोड़ों रुपये ठग लिए हैं। रुपये लेने के बाद न तो प्रॉपर्टी उनके नाम की और न ही उनके रुपये लौटाए। यही नहीं उन्होंने अपनी प्रॉपर्टी कई लोगों को किराए पर दी है, लेकिन किराएदारों ने किराया देना बंद कर दिया है।
इस वजह से वह काफी दिनों से परेशान है। यह भी लिखा है कि वह रुपये के लेनदेन को लेकर काफी परेशान हैं जिसकी वजह से वह आत्महत्या कर रहे हैं। उनकी मौत के बाद उनके परिवार वालों को तंग न किया जाए। उधर, तिहरे हत्याकांड में पुलिस को अब तक कोई ऐसा सुराग नहीं मिला है, जिसे साफ हो सके कि संजय की पत्नी सरिता, बेटे अर्जुन और बेटी सांची की हत्या कैसे और किसने की। पुलिस को अभी भी संदेह है कि संजय अरोड़ा ने ही तीनों की हत्या कर आत्महत्या करने की कोशिश की। मनीमाजरा पुलिस ने पंचकूला पुलिस से भी संपर्क साधकर प्रॉपर्टी विवाद के मामले की जांच करनी शुरू कर दी है। इसके अलावा पुलिस अब संजय अरोड़ा से धोखाधड़ी करने वालों की डिटेल भी जुटानी शुरू कर दी है।
मनीमाजरा के श्मशान घाट में एक साथ चारों शवों का हुआ अंतिम संस्कार
उधर, जीआरपी पुलिस ने शुक्रवार को संजय अरोड़ा के शव का पीजीआई में पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों के हवाले कर दिया। इसके बाद परिजनों ने देर शाम मनीमाजरा के श्मशान घाट पर संजय अरोड़ा, उसकी पत्नी सरिता, बेटे अर्जुन और बेटी सांची का अंतिम संस्कार कर दिया। सरिता, अर्जुन और सांची का वीरवार शाम को मनीमाजरा पुलिस ने सेक्टर-16 के अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया था पोस्टमार्टम रिपोर्ट में संजय की बेटी सांची के सिर पर चोट का गहरा निशान और गला रेतने की पुष्टि हुई है।
भाई बोला- अभी तक सदमे में, कुछ कह नहीं सकता
इस मामले में संजय अरोड़ा का परिवार भी कुछ कहने के लिए आगे नहीं आया है। उनके भाई का कहना कि अभी तक वह सदमे से बाहर ही नहीं निकले हैं। इसके चलते वह अभी कुछ नहीं कह सकते हैं। इस घटना को सुनने और देखने वाले का यह कहना है कि संजय अरोड़ा कितना भी परेशान हों पर वह अपने बच्चों और पत्नी की हत्या नहीं कर सकता। लोगों का कहना है कि संजय बहुत बढ़िया इंसान होने के अलावा मिलनसार व्यक्ति था। वहीं जिस बेरहमी से बीवी-बच्चों का कत्ल किया गया है, उसे देखकर तो लगता है कि यह किसी प्रोफेशन किलर का काम है।