नाटकीय उतार-चढ़ाव से भरे मुकाबले में मुंबई ने चेन्नई को अंतिम गेंद पर एक रन से हराकर रिकॉर्ड चौथी बार IPL खिताब जीत लिया। चौथी बार खिताब जीतने वाली मुंबई सोमवार की शाम (6:30 बजे) शानदार जश्न मनाने वाली है।
वर्ल्ड कप की तरह जश्न मनाएगी 'रोहित ब्रिगेड', खुली बस में करेगी मुंबई की सैर
दरअसल, (2013, 15, 17, 19) चार बार की विजेता मुंबई की टीम आज मुंबई पहुंचेगी। इसके बाद वो एंटिलिया (नीता-मुंकेश अंबानी का घर) से खुली बस में मुंबई की सड़कों पर फैंस का अभिवादन करेगी।
कार्यक्रम के मुताबिक मुंबई की टीम एंटिलिया से खुले बस में पेडर रोड और मरीन ड्राइव होते हुए नरीमन प्वाइंट तक जाएगी। इस दौरान टीम के खिलाड़ी फैंस से हाथ मिलाते और खिताबी जीत का जश्न मनाते हुए नजर आएंगे। इस बात की जानकारी खुद मुंबई इंडियंस ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किया है।
Welcome your Champions back home! Join us at Peddar Road today at 6.30 PM for an open bus ride to the team hotel 🚎🏆💙#OneFamily #MumbaiIndians #CricketMeriJaan pic.twitter.com/RNhrUOjGdv
रविवार को हैदराबाद में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में मुंबई ने चेन्नई को 1 रन से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। आखिरी गेंद में चेन्नई को 2 रन की दरकार थी, लेकिन मलिंगा ने शार्दुल ठाकुर को LBW आउट कर मुंबई को जीत दिला दी। मुंबई ने चेन्नई के सामने 150 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में चेन्नई की टीम 7 विकेट खोकर 148 रन ही बना सकी और चौथी बार चैंपियन बनने से चूक गई।
बता दें कि साल 2007 में जब टीम इंडिया ने धोनी की अगुवाई में पहला वर्ल्ड टी-20 खिताब जीता था तो उसके बाद ऐसा ही जश्न मना था। टीम इंडिया ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था और उसके बाद भारत लौटने पर उसने मुंबई में खुली बस में ही सफर किया था।