इंडियन टी-20 लीग के 12वें सीजन का आठवां मुकाबला शुक्रवार को हैदराबाद और राजस्थान के बीच खेला जाएगा। हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में यह मुकाबला रात 8 बजे से शुरू होगा। दोनों ही टीमें इस सीजन में अपना पहला मैच गंवा चुकी है।
ये 11 धुरंधर दिलाएंगे राजस्थान को पहली जीत! देखें संभावित प्लेइंग XI
ओपनर्स
कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ओपनिंग करते नजर आएंगे। पिछले मुकाबले में इन दोनों ही खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया था। बटलर ने 43 गेंदों पर 69 रन जबकि रहाणे ने 20 गेंदों पर 27 रन बनाए थे। हैदराबाद के खिलाफ पिछली बार की तरह इस बार भी दोनों सलामी बल्लेबाजों की निगाहें राजस्थान को मजबूत शुरुआत दिलाने पर होंगी।
मिडिल ऑर्डर
संजू सैमसन, स्टीव स्मिथ और राहुल त्रिपाठी मिडिल ऑर्डर की भूमिका में नजर आ सकते हैं। पिछले मैच में संजू सैमसन और स्टीव स्मिथ का प्रदर्शन ठीक-ठीक रहा था, लेकिन इस मैच में रहाणे को अपने मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
ऑलराउंडर्स
बेन स्टोक्स और कृष्णप्पा गौथम ऑलराउंडर की भूमिका में नजर आ सकते हैं। हालांकि पंजाब के खिलाफ खेले गए पिछले मैच में बल्लेबाजी में दोनों ही फ्लॉप रहे थे। स्टोक्स ने 6 रन जबकि गौथम सिर्फ 2 रन बनाए थे। हालांकि गेंदबाजी में स्टोक्स का प्रदर्शन अच्छा रहा था। उन्होंने पंजाब के 2 विकेट चटकाए थे। इसके अलावा गौथम ने भी एक विकेट लिया था। इस बार भी दोनों ऑलराउंडरों से राजस्थान को काफी उम्मीदें होंगी।
राजस्थान की टीम पिछले मुकाबले की तरह चार गेंदबाजों जोफ्रा आर्चर, जयदेव उनादकट, श्रेयस गोपाल और धवल कुलकर्णी के साथ मैदान पर उतर सकती है। पिछले मुकाबले में जोफ्रा आर्चर ने शानदार गेंदबाजी की थी। हालांकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिल पाया था। धवल कुलकर्णी ने एक विकेट चटकाया था जबकि उनादकट काफी महंगे साबित हुए थे, लेकिन इसके बावजूद राजस्थान आज के मैच में उन्हें जरूर खिलाएगी।
नोटः यह तो महज हमारा एक आंकलन है, असली प्लेइंग इलेवन का पता तो मैच के दिन टॉस के बाद ही लगेगा।