टीम इंडिया के सफलतम कप्तानों में से एक रहे सौरव गांगुली ने लोकेश राहुल और अजिंक्य रहाणे को लेकर टीम मैनेजमेंट को आड़े हाथों लिया है। इसे सीधे तौर पर कप्तान कोहली, कोच रवि शास्त्री और मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद पर हमले के तौर पर देखा जा रहा है।
सौरव गांगुली का मानना है कि टीम मैनेजमेंट केएल राहुल और अजिंक्य रहाणे को सही ढंग से इस्तेमाल नहीं कर रही है। गांगुली ने मैच के बाद अधिकारिक प्रसारण के दौरान कहा, 'फिलहाल भारत की टीम शीर्ष क्रम पर काफी निर्भर है। अगर आपका शीर्ष क्रम रन नहीं बनाता तो टीम को जूझना पड़ता है। आपके पास इंग्लैंड जैसा स्तर होना चाहिए।'
लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे में भारत की हार के बाद गांगुली ने कहा कि भारतीय टीम शीर्ष तीन बल्लेबाजों शिखर धवन, रोहित शर्मा और विराट कोहली पर अति निर्भर है। मध्यक्रम में लगातार प्रयोग से मजबूत शीर्ष क्रम वाली भारतीय टीम को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
गांगुली ने कहा कि राहुल इतने शानदार फॉर्म में हैं बावजूद इसके उन्हें फाइनल मैच में मौका नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि आंखें बंद करके देखूं तो मुझे चौथे नंबर पर राहुल नजर आता है। आपके शीर्ष चार खिलाड़ी सर्वश्रेष्ठ होने चाहिए और आपको उनके साथ बरकरार रहना होगा।
रहाणे के बारे में बात करते हुए गांगुली कहते हैं कि, 'आपके पास चौथे और पांचवें नंबर पर ठोस बल्लेबाज होने चाहिए। इसके बाद छठे नंबर पर आप महेंद्र सिंह धोनी या दिनेश कार्तिक के बीच चुन सकते हो और सातवें नंबर पर हार्दिक होगा।' सौरभ गांगुली ने टीम में रैना की जगह पर भी सवाल उठाए।