कौन हैं विग्नेश पुथुर: पिता रिक्शा चालक, केरल के लिए भी नहीं खेले विग्नेश को MI ने ऐसे बनाया IPL की नई सनसनी
24 साल के विग्नेश पुथुर ने रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट झटके। इनमें ऋतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे और दीपक हुड्डा के विकेट शामिल हैं।
दरअसल, 24 साल के विग्नेश पुथुर एक चाइनामैन स्पिन गेंदबाज हैं और केरल के मालापुरम के रहने वाले हैं। उनके पिता ऑटो रिक्शा चालक हैं। उनका आईपीएल तक का सफर बेहद कठिनाइयों और चुनौतियों से भरा रहा है। मुंबई ने उन्हें मेगा नीलामी में 30 लाख रुपये में खरीदा था। फ्रेंचाइजी के लिए ट्रायल में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। पुथुर को इम्पैक्ट सबस्टीट्यूट के रूप में रोहित शर्मा की जगह मैदान पर भेजा गया और उन्होंने अपनी सटीक लाइन लेंथ की गेंदबाजी से सुर्खियां बटोरीं। दबाव में भी वह बेहद कूल दिखे। इस गेंदबाज ने केरल की सीनियर टीम के लिए अब तक कोई मैच नहीं खेला है।
केरल क्रिकेट लीग से हुई तलाश
केरल क्रिकेट लीग के दौरान मुंबई के टैलेंट स्काउट की नजर उन पर पड़ी। इसके बाद मुंबई के टैलेंट स्काउट ने उनसे संपर्क किया। इसके बाद उन्हें अनुभव हासिल करने के लिए इस साल जनवरी में दक्षिण अफ्रीकी टी20 लीग के लिए दक्षिण अफ्रीका भेजा गया। इसका खर्च भी मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने ही उठाया। वहां वह मुंबई इंडियंस की टीम एमआई केप टाउन से जुड़े। वहां उन्हें नेट बॉलर के तौर पर भेजा गया था। राशिद खान एमआई केप टाउन के कप्तान हैं और पुथुर ने उनसे वहां स्पिन की कला सीखी। इससे उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा। इसके बाद जब वह वापस आए तो डीवाई पाटिल टी20 टूर्नामेंट में रिलायंस टीम का हिस्सा बने और तीन मैच खेले। यह आईपीएल से पहले तैयारी परखने का सही जरिया साबित हुआ।
VIDEO: मुंबई इंडियंस के 24 साल के उभरते सितारे विग्नेश पुथुर से खास अंदाज में मिले धोनी, पीठ भी थपथपाई, देखें
आईपीएल की तैयारी शुरू होने के बाद पुथुर से नेट्स में, प्रैक्टिस मैचों में जमकर गेंदबाजी कराई गई। कोच महेला जयवर्धने की अगुआई में टीम मैनेजमेंट उन्हें गेंदबाजी करता देख खुश थे और इस बात के लिए आश्वस्त थे कि वह आईपीएल के मेन मुकाबलों में गेंदबाजी के लिए तैयार हैं। इसके लिए रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव से भी सलाह ली गई और सभी इससे सहमत दिखे। मुंबई के गेंदबाजी कोच पारस म्हम्ब्रे ने कहा, 'रोहित, सूर्यकुमार और तिलक, मुंबई के सभी बल्लेबाजों ने नेट्स में पुथुर का सामना किया। उनकी गेंदबाजी को समझना किसी के लिए आसान नहीं था। इसलिए हमने सोचा कि उन्हें एक मैच में मौका दिया जाए ताकि उनका आत्मविश्वास बढ़े और यह फैसला सही साबित हुआ। यह अच्छा फैसला था।'
म्हाम्ब्रे ने टैलेंट स्काउट की तारीफ की
पारस म्हाम्ब्रे ने मुंबई इंडियंस के टैलेंट स्काउट की भी जमकर तारीफ की, जिन्होंने इस गेंदबाज की तलाश की और केरल क्रिकेट लीग से ढूंढ कर निकाला। म्हाम्ब्रे ने कहा, 'हमारे पास कुछ शानदार लोग हैं जो टैलेंट को ढूंढ़ निकालने में माहिर हैं। मुझे लगता है कि वह इसलिए इतने कामयाब हैं क्योंकि वह किसी और चीज पर इस बात को तरजीह देते हैं कि उनमें क्षमता है या नहीं। हमने ट्रायल में देखा कि उनमें क्षमता है और वह दबाव में घबराते नहीं, बल्कि इसे चुनौती की तरह स्वीकार करते हैं। हमने इस बात को नहीं देखा कि उन्होंने पहले कोई क्रिकेट या टूर्नामेंट खेला है या नहीं। हम बस उनकी क्षमता को परख कर आगे बढ़े और अब वह आप सभी के सामने है।
IPL 2025: हरभजन पर कमेंट्री के दौरान नस्लीय टिप्पणी करने का आरोप, जोफ्रा आर्चर को ऐसा क्या कहा जिससे मचा बवाल?
चेपॉक में चेन्नई सुपर किंग्स के हजारों फैंस के सामने पुथुर ने ऋतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे और दीपक हुड्डा के विकेट लिए। हालांकि, एमआई डगआउट ने जिस चीज को सबसे ज्यादा पसंद किया, वह है पुथुर के दबाव को संभालने की क्षमता। कोच माहेला, कीरोन पोलार्ड और रोहित जैसे सीनियर खिलाड़ियों के साथ नियमित बातचीत से पुथुर को उनकी भूमिका, टीम की उम्मीदों और मुंबई इंडियंस के ड्रेसिंग रूम की संस्कृति को समझने में मदद मिली। म्हाम्ब्रे ने कहा, 'हां, पुथुर ने काफी क्रिकेट नहीं खेली है, लेकिन हमें एक मौका मिला जहां उन्होंने थोड़ा काम किया। हमारे साथ काम करने का मौका मिला। स्किल पर हमने ज्यादा काम नहीं किया, क्योंकि मुझे लगता है कि वह इसमें काफी सुलझे हुए हैं। जयवर्धने और पोलार्ड के साथ-साथ सूर्यकुमार-रोहित के साथ बातचीत कर उन्हें यह समझने में मदद मिली की टीम को किस चीज की जरूरत है। उन्हें टीम में अपनी भूमिका को समझने में मदद मिली और यह भी जाना कि हम उनसे क्या उम्मीद करते हैं।'
CSK vs RCB: ओपनिंग छोड़ तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी क्यों कर रहे ऋतुराज गायकवाड़? सीएसके के कप्तान ने खुद खोला राज
भारत और विदेशी सितारों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना, एमएस धोनी के साथ मैच के बाद बातचीत करना कुछ ऐसा है, जिसका हर खिलाड़ी सपना देखता है। पुथुर ने रविवार इन पलों को जिया है। म्हाम्ब्रे ने कहा कि ड्रेसिंग रूम में हर किसी को जयवर्धने के साथ इतना बातचीत का समय नहीं मिलता। सिर्फ सीनियर खिलाड़ी ही ऐसा करते हैं, लेकिन पुथुर कुछ खास हैं। उन्होंने कहा, 'आपके पास हीरो हैं, आप उन्हें टीवी पर खेलते हुए देखते हैं और अचानक ही आपको उनके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का मौका मिले तो यह कितना खास हो सकता है, आप जानते हैं। आपके साथ रोहित जैसे खिलाड़ी बगल में बैठे हैं। यह सपना सच होने जैसा है, है न? जिस तरह से पुथुर ने गेंदबाजी की, ऐसा कभी नहीं लगा कि वह दबाव में थे और यह देखना अच्छा था। वह पहले मैच में छाप छोड़ने में सफल रहे हैं और अब एमआई डगआउट में हर कोई उम्मीद करेगा कि वह टीम के पुराने खिलाड़ियों की तरह इस फ्रेंचाइजी के साथ एक लंबी और सफल पारी खेलें, जैसा कि जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, तिलक वर्मा ने किया है।
Vignesh puthur has came a long way ❤️
— Aniket Kumar (@ImAniket264) March 24, 2025
-An inspiration to all youngsters 💙pic.twitter.com/YI1yivaaKM