रुद्रप्रयाग जिले में मूसलाधार बारिश ने अगस्त्यमुनि क्षेत्र में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया, जबकि पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने की घटनाओं से राष्ट्रीय राजमार्ग और स्थानीय यातायात भी प्रभावित हुआ। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में राहत और मार्ग बहाली के कार्य में जुटा है।
नगर पंचायत अगस्त्यमुनि के बसंत विहार, एसबीआई कॉलोनी और खंड विकास कार्यालय के पीछे स्थित क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई घरों और आंगनों में पानी घुस गया। खंड विकास कार्यालय के पीछे स्थित कई मकानों तक जाने वाले रास्ते भी पानी में डूब गए और कुछ घरों के भीतर भी पानी घुस गया। वहीं भारी बारिश के कारण NH-119 के पौड़ी-कोटद्वार हिस्से पर भूस्खलन और चट्टानें गिरने से ट्रैफिक बाधित हो गया है। ज़िला मजिस्ट्रेट स्वाति एस भदौरिया ने स्थिति की जानकारी दी।
स्कूल में अवकाश घोषित
बारिश के चलते सिल्ली के पास पहाड़ी से मलबा आने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ समय के लिए बाधित रहा। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का कार्य शुरू किया, जिसके बाद यातायात सामान्य करने के प्रयास किए गए।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand SIR: चुनाव आयोग ने 19 लाख मतदाताओं को जारी किया नोटिस, गलत जवाब पर हो सकती है जेल
अगस्त्यमुनि पेट्रोल पंप के पास पहाड़ी से एक बड़ा बोल्डर गिरने से वहां खड़ी एक कार उसकी चपेट में आकर दब गई। गनीमत रही की घटना के समय कार में कोई सवार नहीं था। लगातार हो रही बारिश और जलभराव के कारण चिल्ड्रन एकेडमी इंटरमीडिएट कॉलेज की ओर जाने वाले मार्ग पर भी पानी भर गया। एहतियात के तौर पर स्कूल में अवकाश घोषित किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में समुचित ड्रेनेज व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है।