देश में कोरोना वायरस के नए मामलों की संख्या फिर से बढ़ने लगी है। इससे प्रस्तावित 2021-22 सत्र की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर बच्चों और अभिभावकों की चिंताएं बढ़ गई हैं। कई राज्यों में वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए जो आंशिक प्रतिबंध लगाए थे, अब वहां प्रतिबंध बढ़ाए जा रहे हैं।
बोर्ड परीक्षाएं 2021: जानिए, किन राज्यों में कब होंगी 10वीं-12वीं की परीक्षाएं, कहां रद्द और कहां बदली तारीख
कुछ राज्य सरकारों ने बोर्ड परीक्षाओं को भी स्थगित करने का फैसला किया है। आइए जानते हैं कि स्कूल और बोर्ड परीक्षाओं को लेकर कहां और क्या निर्देश जारी किए गए हैं ...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महाराष्ट्र में टल सकती हैं बोर्ड परीक्षाएं
महाराष्ट्र शिक्षा विभाग राज्य भर में कोविड-19 मामलों में वृद्धि के कारण आगामी बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित करने पर विचार कर रहा है। हालांकि फिलहाल, महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (MSBSHSE) और महाराष्ट्र शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन नागपुर से मीडिया रिपोर्टों ने दावा किया है कि राज्य के बिगड़ती कोविड-19 की परिस्थिति के मद्देनजर इस तरह के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है। जल्द ही महाराष्ट्र बोर्ड परीक्षा पर अंतिम फैसला कर सकता है।
तमिलनाडु में सिर्फ 12वीं की परीक्षा होगी
तमिलनाडु में स्कूल केवल कक्षा 12वीं के लिए खुले हैं। शेष छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं चल रही हैं। तमिलनाडु सरकार ने कक्षा नौ, 10वीं और 11वीं कक्षा के छात्रों को परीक्षा आयोजित किए बिना पदोन्नत किया है। जबकि राज्य में कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं तीन मई, 2021 से शुरू होना प्रस्तावित हैं। 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 21 मई, 2021 को समाप्त होंगी।
पंजाब में बोर्ड परीक्षाएं 20 अप्रैल और 04 मई से
राज्य में कोरोना संक्रमण के मामलों की संख्या में वृद्धि होने के बाद पंजाब सरकार ने स्कूल और कॉलेज 15 अप्रैल, 2021 तक के लिए बंद कर दिए हैं। वहीं, बोर्ड परीक्षा कार्यक्रम भी संशोधित किया गया है। नए आदेशों के अनुसार, कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं अब चार मई से 24 मई, 2021 तक होंगी। जबकि 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 20 अप्रैल, 2021 से 24 मई, 2021 के बीच होंगी। वहीं, राज्य सरकार की ओर से स्कूल फिर से खोले जाने के फैसले की समीक्षा आठ अप्रैल, 2021 को की जाएगी।
केरल में हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा आठ अप्रैल से
केरल में इस वर्ष जनवरी में कक्षा 10वीं और 12वीं के लिए नियमित ऑफलाइन कक्षाएं फिर से शुरू हुईं हैं। हालांकि, ऑनलाइन कक्षाएं भी चल रही हैं। राज्य में हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा आठ अप्रैल से 26 अप्रैल, 2021 के बीच आयोजित की जाएगी। जबकि वोकेशनल उच्च माध्यमिक परीक्षा नौ अप्रैल, 2021 से 30 अप्रैल, 2021 तक आयोजित होंगी।

कमेंट
कमेंट X