डिजनी प्लस हॉटस्टार पर अपनी वेब सीरीज ‘स्पेशल ऑप्स’ से वापस मुख्यधारा में लौटे निर्माता निर्देशक नीरज पांडे को अभिनेता आमिर खान ने तगड़ा झटका दिया है। नीरज पांडे ने करीब दो साल पहले आमिर को सुपरहिट तमिल फिल्म 'विक्रम वेधा' के हिंदी रीमेक में काम करने के लिए मना लिया था, लेकिन जानकारी के मुताबिक आमिर ने इस फिल्म से अब अपना नाम वापस ले लिया है क्योंकि उनको इस फिल्म की पटकथा और संवाद पसंद नहीं आए हैं।
आमिर ने दो साल से इंतजार कर रहे नीरज पांडे को कहा ना, शुरू करेंगे टी सीरीज की ये बहुप्रतीक्षित फिल्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तीन साल पहले रिलीज हुई आर माधवन और विजय सेतुपति की सुपरहिट फिल्म 'विक्रम वेधा' के कुछ महीनों बाद से ही इसके हिंदी रिमेक की बात चालू हो गई थी। फिल्म की निर्देशक जोड़ी गायत्री और पुष्कर ने सबसे पहले इस फिल्म का हिंदी रीमेक शाहरुख खान और आर माधवन के साथ करने की योजना बनाई थी और शाहरुख ने इसके लिए हां भी कर दी थी, लेकिन फिल्म के हिंदी रीमेक राइट्स खरीद चुके नीरज पांडे ने हिंदी रीमेक में माधवन या विजय सेतुपति में से किसी को भी दोहराने से मना कर दिया।
फिल्म 'विक्रम वेधा' को पहले सबटाइटल्स के साथ और बाद में हिंदी डबिंग के साथ तकरीबन वे सारे हिंदी फिल्म दर्शक देख चुके हैं जिनकी नजर दक्षिण भारत में बनने वाली उम्दा फिल्मों पर रहती है। यही वजह है कि हाल के दिनों में बनी दक्षिण की दो सुपरहिट फिल्मों की रीमेक ‘लक्ष्मी’ और ‘दुर्गावती’ को हिंदी पट्टी के दर्शकों ने पूरी तरह नकार दिया। हिंदी फिल्म जगत में ये धारणा भी बनती जा रही है कि साउथ की ताजातरीन फिल्मों की हिंदी रीमेक बनाना अब खतरे का सौदा है क्योंकि दक्षिण की तकरीबन सारी फिल्में अब हिंदी पट्टी के लोगों को फिल्म की रिलीज के कुछ ही महीनों बाद हिंदी में डब होकर उपलब्ध हो रही हैं।
आमिर खान हिंदी फिल्म जगत के उन चुनिंदा सितारों में से हैं जो न सिर्फ अपनी फिल्मों की कहानी पर खूब रिसर्च करते हैं बल्कि दर्शकों की बदलती पसंद का भी लगातार ख्याल रखते हैं। ‘लक्ष्मी’ और ‘दुर्गावती’ को दर्शकों ने जिस तरह सिरे से नकारा है, उससे आमिर खान को लगता है कि फिल्म ‘विक्रमवेधा’ का हिंदी रीमेक करना अब खतरे से खाली नहीं है और फिल्म ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तां’ के फ्लॉप होने के बाद वह करियर में कोई रिस्क नहीं लेना चाहते। आमिर खान ने फिल्म ‘विक्रमवेधा’ की हिंदी रीमेक में भी बदलाव की बात कही जो इसके मेकर्स को मंजूर नहीं थी। फिल्म की हिंदी स्क्रिप्ट नीरज पांडे ने खुद अपने कुछ सहायकों के साथ मिलकर लिखी है।
इस बीच पता ये भी चला है कि आमिर खान फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ का शूटिंग खत्म करने के बाद अगले साल के मध्य से फिल्म निर्माता कंपनी टी सीरीज के संस्थापक गुलशन कुमार की बायोपिक पर काम शुरू कर देंगे। सुभाष कपूर के निर्देशन में प्रस्तावित इस फिल्म को लेकर हिंदी पट्टी के दर्शकों में शुरू से काफी उत्सुकता रही है। गुलशन कुमार ने ही देश में फिल्म संगीत को आम आदमी तक पहुंचाया और फिल्म कैसेटों के दामों को गरीबों की पहुंच वाला बनाया। ‘मुगल’ नामक इस बायोपिक में लीड रोल पहले अक्षय कुमार करने वाले थे लेकिन गुलशन कुमार के बेटे भूषण से अनबन के बाद इस फिल्म में आमिर खान की एंट्री हो गई।
पढ़ें: अली गोनी ने किया अर्शी खान को KISS, भड़कीं जैस्मिन भसीन ने दी ऐसी प्रतिक्रिया