आमिर खान ने अभिनेता के तौर पर बॉलीवुड को उम्दा फिल्में दी हैं, साथ ही बतौर निर्माता भी यादगार फिल्में बनाईं। उनके प्राेडक्शन हाउन ने 25 साल का सफर पूरा कर लिया है। शनिवार देर रात आमिर खान प्रोडक्शन के 25 साल पूरे होने के मौके पर मुंबई में एक खास इवेंट मिस्टर परफेक्शनिस्ट ने रखा था। इस इवेंट में सलमान खान, करीना कपूर, आमिर खान की फिल्म ‘लगान’ के कई कलाकार और उनके परिवार के लोग शामिल हुए।
इसी इवेंट में आमिर खान ने अपने प्रोडक्शन हाउस में बनी फिल्मों के बारे में बात की। साथ ही उन सभी फिल्मों के कलाकारों और टीम के साथ तस्वीरें क्लिक करवाईं। यह तस्वीरें आमिर खान प्रोडक्शन के इंस्टाग्राम पेज पर रविवार को साझा की गई।
आमिर खान ने फिल्म 'लगान' की मेकिंग टीम के साथ पहली तस्वीर साझा की है।
इसके बाद फिल्म 'जाने तू या जाने ना' की टीम और स्टार कास्ट के साथ आमिर खान ने स्टेज पर फोटो क्लिक करवाई। इसके अलावा 'पीपली लाइव', 'डेली बेली', 'धोबी घाट', 'सीक्रेट सुपरस्टार', 'दंगल' जैसी फिल्मों की टीम और स्टार कास्ट के साथ भी आमिर खान नजर आए।
टीवी शो 'सत्यमेव जयते' की टीम भी आमिर खान के साथ दिखीं। इस शो ने टीवी पर एक नई लीक शुरू की, सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की। समाज और देश में बदलाव लाने का काम किया।
आमिर खान प्रोडक्शन ने फिल्म 'लापता लेडीज' भी बनाई थी। इस फिल्म को भारत की तरफ से ऑस्कर में भेजा गया था। फिल्म की स्टार कास्ट, टीम भी इस इवेंट में शामिल हुई।
'लाल सिंह चड्ढा' चाहे बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हुई हो लेकिन इवेंट में इस फिल्म की लीड एक्ट्रेस करीना ने शिरकत की। उन्होंने आमिर खान की जमकर तारीफ की थी।
आमिर खान ने अपने बेटे जुनैद खान के लिए भी फिल्म 'एक दिन' बनाई थी। यह भी बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली। लेकिन जुनैद के अभिनय की खूब तारीफ हुई। इस फिल्म की टीम, स्टार कास्ट भी आमिर खान प्रोडक्शन के इवेंट में नजर आई।
जल्द ही आमिर खान प्रोडक्शन की फिल्म 'बंटवारा' भी रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में सनी देओल लीड रोल में होंगे। इस फिल्म की टीम भी आमिर खान प्रोडक्शन के इवेंट में शामिल हुईं।