दबंग अभिनेता सलमान खान की 'भारत', 'टाइगर जिंदा है' जैसी फिल्मों के निर्देशक अली अब्बास जफर अपनी नई नई शादी के पत्ते धीरे-धीरे खोल रहे हैं। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी अलीसिया जफर की एक और तस्वीर साझा की है जिसमें अलीसिया दुल्हन के रूप नजर आ रही हैं। इस तस्वीर के साथ में अली ने कोई कैप्शन नहीं लिखा, बस दिल का एक छोटा सा इमोजी डाला है जिससे उनकी भावनाएं जाहिर होती हैं।
सलमान की फिल्म में बैक डांसर थीं अलीसिया, अली अब्बास जफर का आया दिल और इस तरह हो गई शादी..
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अली ने अचानक से सोशल मीडिया पर अपनी शादी का ऐलान करके अपने सहकर्मियों और चाहने वालों को चौंका दिया। यह शादी 3 जनवरी को हुई। अली ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने मूल निवास देहरादून में ही लगभग एक हफ्ते पहले अलीसिया से शादी कर ली। उस वक्त भी उन्होंने अलीसिया के साथ शादी की एक तस्वीर साझा की थी और एक तस्वीर उन्होंने फिर से साझा की है जिस पर उनके कई दोस्तों की लाजवाब प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
अली ने सोशल मीडिया के जरिए तो सिर्फ यह बताया कि उन्होंने शादी कर ली है लेकिन अलीसिया आखिर कौन हैं और वह अली को कैसे मिलीं, इस बारे में अली ने सोशल मीडिया पर नहीं, बल्कि एक इंटरव्यू में खुलासा किया। अली ने बताया कि अलीसिया सलमान खान की फिल्म 'भारत' के गीत 'स्लो मोशन' में प्रस्तुति देने वाले डांस ग्रुप का हिस्सा रही हैं। वह इस गीत में दिशा पाटनी के साथ डांस करते हुए नजर आईं। हालांकि, इस गीत में बहुत सी विदेशी लड़कियां नाच रही हैं इसलिए अलीसिया पर किसी का प्रमुख तौर पर ध्यान ही नहीं गया।
अली ने बताया है कि अलीसिया फ्रांस से हैं। उन्होंने कहा, 'शुरुआत में अलीसिया को वीजा मिलने में बहुत दिक्कत हो रही थी। लेकिन, जैसे ही उन्हें वीजा मिला तो हम फौरन साथ में देहरादून गए और शादी कर ली। यह हमेशा से इसी तरह योजनाबद्ध तरीके से होना था। अलीसिया रहने वाली फ्रांस की हैं लेकिन मूल रूप से वह ईरानी हैं। जब मैं अपने काम से एक बार वहां गया था तो जैसे ही उन्हें मैंने देखा तो उनसे प्यार करने लगा। मैंने लगभग दो साल तक उनका पीछा किया, उन्हें मनाने की कोशिश की। मैं उन्हें खुश करने की कोशिश करता रहता था। मेरे लिए यह बहुत मुश्किल भरा काम था लेकिन मुझे खुशी इस बात की है कि अंत में वह मुझसे शादी करने के लिए मान गईं।'
अली और अलीसिया की मुलाकात 'टाइगर जिंदा है' फिल्म के दौरान ही हुई थी। हालांकि, अलीसिया को अभिनय करने में कोई दिलचस्पी नहीं है। अली ने बताया है कि 'भारत' फिल्म के गीत 'स्लो मोशन' में उनका नजर आना सिर्फ मजे के लिए था। हकीकत में तो अलीसिया एक फ्रांसीसी मॉडल हैं और वह तकनीकी कामों को ज्यादा पसंद करती हैं। उन्हें निर्देशन वगैरह में रुचि है। अब अली और अलीसिया ने शादी तो कर ली है और उनके दोस्तों को पता भी चल गया। इसलिए अली चाहते भी हैं कि अपनी शादी की एक पार्टी वह अपने दोस्तों के लिए रखें। लेकिन, फिलहाल उनके लिए संभव नहीं है क्योंकि देश में महामारी अब भी बरकरार है।
लॉकडाउन में सैलून जाकर बाल रंगवाने पर प्रियंका चोपड़ा की हुई फजीहत, अब प्रवक्ता ने बयान जारी कर दी सफाई