25 मार्च को निर्देशक राजामौली की फिल्म 'आरआरआर' रिलीज हुई है। साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर और रामचरण स्टारर इस फिल्म को देखने दर्शक भारी संख्या में थिएटर पहुंच रहे हैं। देशभक्ति की भावना से सराबोर ये फिल्म 1920 के दशक के स्वतंत्रता सेनानियों की कहानी दिखाती है। यह फिल्म मुख्य रूप से क्रांतिकारी अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम के जीवन पर आधारित है, जिन्होंने हैदराबाद के निजाम और ब्रिटिश राज से लड़ाई लड़ी थी और स्वतंत्रता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था। कई ऐसे क्रांतिकारी हुए जिन्होंने हमारे देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। हिंदी सिनेमा यानी बॉलीवुड में भी क्रांतिकारियों पर कई शानदार फिल्में बनी हैं। इन फिल्मों से न सिर्फ आप हमारे देश के स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में जान पाएंगे बल्कि इन फिल्मों से आप अपने देश के इतिहास को भी बेहतर तरीके से जान सकते हैं। ये फिल्में ओटीटी प्लेटफार्म पर भी मौजूद हैं।
RRR: 'आरआरआर' से पहले क्रांतिकारियों पर बॉलीवुड में बनी हैं ये शानदार फिल्में, ओटीटी प्लेटफार्म पर हैं मौजूद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंगल पांडेः द राइजिंग- (2005)
1887 में जन्में क्रांतिकारी मंगल पांडे ने देश की स्वतंत्रता की चिंगारी को एक क्रांति बना दिया था। अंग्रेजों के खिलाफ लोहा लेने वाले मंगल पांडे के जीवन पर साल 2005 में फिल्म 'मंगल पांडेः द राइजिंग' रिलीज हुई थी। इस फिल्म में आमिर खान लीड रोल में दिखाई दिए थे और रानी मुखर्जी, अमीषा पटेल, किरण खेर, टोबी स्टीफेंस जैसे कलाकार भी दिखाई दिए थे। केतन मेहता द्वारा निर्देशित इस फिल्म को आप ओटीटी प्लेटफार्म अमेज़न प्राइम विडियो (Prime Video) पर देख सकते हैं।
नेता जी सुभाष चंद्र बोस-द फॉरगॉटन हीरो-(2005)
नेता जी सुभाष चंद्र बोस ने हमारे देश की स्वतंत्रता में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने अंग्रेजों की खिलाफ भारतीय राष्ट्रीय सेना 'आजाद हिंद फौज' का निर्माण किया था। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन पर साल 2005 में निर्देशक श्याम बेनेगल द्वारा बनाई गई फिल्म 'नेता जी सुभाष चंद्र बोस-द फॉरगॉटेन हीरो' रिलीज हुई थी। दिग्गज कलाकारों ने इसे एक शानदार फिल्म बना दिया। सुभाष चंद्र बोस-द फॉरगॉटेन हीरो' को आप ओटीटी प्लेटफार्म एमएक्स प्लेयर (Mx Player) पर देख सकते हैं।
द लेजेंड ऑफ भगत सिंह-(2002)
राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित फिल्म 'द लेजेंड ऑफ भगत सिंह' में बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन ने भगत सिंह की भूमिका निभाई थी। बचपन से ही ब्रिटिश राज में हमारे देश के लोगों पर हुए अत्याचारों को देखकर भगत सिंह बहुत ही कम उम्र में सबसे निडर स्वतंत्रता सेनानी बने थे। उनके जज्बे की कहानियां आज भी हर देशभक्त की जुबान पर रहती हैं। मात्र 23 वर्ष की उम्र में वह अपने देश के लिए शहीद हो गए थे। द लेजेंड ऑफ भगत सिंह फिल्म को आप ओटीटी प्लेटफार्म अमेजन प्राइम वीडियो (Amazon Prime Video) पर देख सकते हैं।
मणिकर्णिकाः द क्वीन ऑफ झांसी- (2019)
खूब लड़ी मर्दानी वो तो झांसी वाली रानी थी...झांसी की रानी लक्ष्मी बाई की बहादुरी का गाथा तो हर इंसान जानता है। वह न सिर्फ झांसी की रक्षा के लिए लड़ी थीं बल्कि उन्होंने देश में भी ब्रिटिश राज के खिलाफ अलख जगाई थी। साल 2019 में आई फिल्म 'मणिकर्णिकाः द क्वीन ऑफ झांसी' में कंगना रणौत ने लक्ष्मी बाई का किरदार निभाया है। इस फिल्म की गिनती बॉलीवुड की सबसे शानदार फिल्मों में होती है। देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत इस फिल्म को आप अमेजन प्राइम वीडियो (Amazon Prime Video) पर देख सकते हैं।