निर्माता वाशू भगनानी ने फिल्म ‘बेलबॉटम’ के अपने हीरो अक्षय कुमार को लेकर अपनी अगली फिल्म ‘सिंड्रेला’ ब्रिटेन में शुरू कर दी है। वाशू अप्रवासी भारतीय बन चुके हैं और अपना अधिकतर वक्त लंदन में ही बिताते हैं। अपनी पिछली फिल्म ‘बेलबॉटम’ भी उन्होंने पास की ही ग्लासगो फिल्मसिटी में ही शूट की थी। फिल्म ‘बेलबॉटम’ की रिलीज से पहले ही अक्षय कुमार ने फिल्म ‘सिंड्रेला’ का एलान कर दिया था। फिल्म में अक्षय के साथ अभिनेत्री रकुलप्रीत और अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह भी काम कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग के पहले दिन की फोटो भी सामने आ चुकी है। इस बीच अक्षय कुमार की गुरुवार को रिलीज हुई फिल्म अब भी बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष कर रही है। फिल्म की कमाई के दूसरे दिन पहले दिन से भी कम रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस कलेक्शन को देखते हुए माना जा रहा है कि फिल्म शायद पहले सप्ताहांत में 15 करोड़ रुपये का ट्रेड का अपेक्षित आंकड़ा पार न कर सके और अगर ऐसा हुआ तो ये अक्षय कुमार की आने वाली फिल्मों के लिए अच्छा समाचार नहीं होगा। फिल्म ‘बेलबॉटम’ का कारोबार उम्मीद से काफी कम होने के चलते अक्षय कुमार की एक और फिल्म ‘सूर्यवंशी’ की रिलीज को लेकर इसके निर्माताओं और वितरकों में चल रही बातचीत भी धीमी पड़ गई है।
Bell Bottom Box Office Day 2: दूसरे दिन नहीं सुधरा ‘बेलबॉटम’ का कलेक्शन, अब देर से आएगा ‘सूर्यवंशी’
कोरोना की दूसरी लहर के बाद हिंदी सिनेमा प्रदर्शित करने वाले नियमित राज्यों में महाराष्ट्र को छोड़ तकरीबन बाकी सारे राज्यों में सिनेमाघर 50 फीसदी क्षमता के साथ खुल चुके हैं। कोरोना की पहली लहर के बाद महाराष्ट्र के भी सिनेमाघर खुले थे और तब रिलीज हुई राजकुमार राव व जान्हवी कपूर स्टारर फिल्म ‘रूही’ ने रिलीज के पहले तीन करोड़ छह लाख रुपये का कुल कारोबार किया था। इसमें से नेट कमाई दो करोड़ 90 लाख रुपये रही थी। ये फिल्म भी गुरुवार को ही रिलीज हुई थी और गुरुवार व शुक्रवार को मिलाकर फिल्म की नेट कमाई पांच करोड़ रुपये हो गई थी।
राजकुमार राव और जान्हवी कपूर जैसे नए सितारों की फिल्म ‘रूही’ के मुकाबले ‘बेलबॉटम’ काफी बड़ी फिल्म मानी जा रही है। दोनों फिल्मों के बजट में भी जमीन आसमान का अंतर है। फिल्म ‘बेलबॉटम’ को अक्षय कुमार की ब्रांड वैल्यू का फायदा मिलने की उम्मीद की जा रही थी। फिल्म वितरकों को उम्मीद थी कि महाराष्ट्र के सिनेमाघर बंद होने के बावजूद फिल्म पहले दिन तीन करोड़ रुपये से ऊपर की कमाई करेगी और रविवार तक सप्ताहांत का कारोबार 15 करोड़ रुपये से ज्यादा कर ले जाएगी। लेकिन फिल्म ‘बेलबॉटम’ का पहले दिन का कलेक्शन ही उम्मीद से कम रहा।
फिल्म निर्माता वाशू भगनानी, उनके बेटे जैकी भगनानी और फिल्म के हीरो अक्षय कुमार जब यूनाइटेड किंगडम में अपनी अगली फिल्म के पहले दिन की शूटिंग की तैयारियां कर रहे थे तो यहां फिल्म ‘बेलबॉटम’ वितरित और प्रदर्शित करने वाले सिनेउद्यमी इसके उम्मीद से कम कारोबार को लेकर उदास दिख रहे थे। फिल्म का दूसरे दिन का कारोबार भी पहले दिन की ही तरह रहा और फिल्म ने दूसरे दिन भी करीब ढाई करोड़ रुपये की ही कमाई की। पहले दो दिन में ये फिल्म सिर्फ छह करोड़ रुपये भी नहीं कमा सकी है। फिल्म ‘बेलबॉटम’ का वीकएंड तक अब 15 करोड़ रुपये का आंकडा पार करना भी चुनौती दिख रहा है।
फिल्म वितरकों का ये भी मानना है कि फिल्म ‘बेलबॉटम’ के प्रचार प्रसार में उस दर्शक वर्ग का ख्याल नहीं रखा गया जो आमतौर पर फिल्म के प्रचार से प्रभावित होकर फिल्म देखने आता है। फिल्म की मार्केटिंग टीम ने इस बारे में कोई रिसर्च भी नहीं की और न ही उन माध्यमों तक पहुंचने की कोशिश की जिनका असर फिल्म दर्शकों पर दिल्ली-यूपी और ईस्ट पंजाब में सबसे ज्यादा पड़ता है। अक्षय कुमार की जो फिल्में फिल्म ‘बेलबॉटम’ के बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित कारोबार न कर पाने के चलते आगे खिसक सकती हैं, उनमें ‘सूर्यवंशी’, ‘पृथ्वीराज’, ‘अतरंगी रे’ और ‘बच्चन पांडे’ शामिल हैं।
