भोजपुरी सिनेमा के मशहूर अभिनेता दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर आजमगढ़ लोकसभा सीट से ताल ठोकी है। बता दें कि बीजेपी ने लोकसभा उप चुनाव 2022 को लेकर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। आजमगढ़ से पार्टी ने एक बार फिर निरहुआ को उम्मीदवार घोषित किया है। इससे पहले वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने आजमगढ़ सीट से निरहुआ को चुनावी मैदान में उतारा था। हालांकि, वह अखिलेश यादव से यह सीट हार गए थे। निरहुआ अब फिर इस सीट से किस्मत आजमाने जा रहे हैं। वैसे, निरहुआ इकलौते भोजपुरी स्टार नहीं हैं, जो सिनेमाई दुनिया से राजनीति में आए हैं। ऐसे कई भोजपुरी अभिनेता हैं, जो अब नेता बनकर जनसेवा कर रहे है और राजनीति में सिक्का जमा रहे हैं। आइए जानते हैं...
Politician Bhojpuri Actors: सियासी अखाड़े में फिर ताल ठोकेंगे निरहुआ, ये भोजपुरी सितारे भी आजमा चुके किस्मत
रवि किशन
भोजपुरी इंडस्ट्री से राजनीति में कदम रखने वाले अभिनेताओं की बात हो तो रविंद्र श्याम नारायण शुक्ला यानी रवि किशन का नाम सबसे पहले आएगा। आज रवि किशन बीजेपी से सांसद हैं। राजनीति में आने से पहले वह फिल्मों और टीवी इंडस्ट्री में भी छाए रहे। भोजपुरी सिनेमा के अलावा उन्होंने बॉलीवुड और टॉलीवुड में भी अच्छा नाम कमाया है। राजनीति की बात करें तो रवि किशन गोरखपुर से सांसद हैं।
मनोज तिवारी
मनोज तिवारी भोजपुरी सिनेमा के बड़े स्टार हैं, साथ ही राजनीति में भी इनका दबदबा है। अभिनेता और सिंगर मनोज तिवारी नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली से चुनाव जीतकर संसद पहुंचे। बता दें कि उन्होंने 2009 के आम चुनावों में वह समाजवादी पार्टी के टिकट पर गोरखपुर लोकसभा से मैदान में उतरे थे। मगर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उन्हें करारी हार मिली थी। इसके बाद 2014 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। बता दें कि मनोज तिवारी दिल्ली में भाजपा के प्रेसीडेंट भी रहे हैं। उन्हें 2016 में इस पद पर नियुक्त किया गया था।
कुणाल सिंह
अभिनेता कुणाल सिंह भी भोजपुरी फिल्मों के बड़े अभिनेता हैं। इन्हें भोजपुरी इंडस्ट्री का अमिताभ बच्चन कहा जाता है। यह साल 2014 में कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव में मैदान में उतरे थे, इस चुनाव में उनकी हार हुई थी।
संजय यादव
भोजपुरी फिल्मों में काम कर चुके संजय कुमार सिंह उर्फ संजय यादव वर्ष 2015 में राजद के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़े थे, जिसमे उन्हें जीत हासिल हुई थी।