खूबसूरत अभिनेत्री अंतरा बिस्वास यानी मोनालिसा ने अपने लगभग 23 साल के फिल्मी करियर में हिंदी, बंगाली, उड़िया, तमिल, कन्नड़, तेलुगु भाषाओं की फिल्मों में काम किया है। लेकिन, मोनालिसा को सबसे ज्यादा ख्याति भोजपुरी फिल्मों से ही मिली। उन्होंने भोजपुरी फिल्मों में वर्ष 2007 के आसपास कदम रखा और अब तक वह लगभग 90 फिल्मों में काम कर चुकी हैं। पिछले कुछ साल टेलीविजन पर सक्रिय रहीं मोनालिसा अब इंस्टाग्राम पर ही ज्यादा सक्रिय दिखती हैं।
Bhojpuri: मोनालिसा के करियर की अब तक की राम कहानी, ‘भोले शंकर’ से शुरू किस्सा अब इंस्टाग्राम भरोसे
मोनालिसा को कभी बंगाल की ब्यूटी कहा जाता था। कॉलेज के दिनों में ही उड़िया भाषा के टीवी धारावाहिकों और वीडियो एलबम में काम करना शुरू कर दिया। इसके बाद साल 1997 में हंसल मेहता की फिल्म 'जयते' से उन्होंने हिंदी फिल्मों में कदम रखा। कल्पना लाजमी की फिल्म 'दमन- ए विक्टिम ऑफ मैरिटल वायलेंस' में वह एक आइटम नंबर पर नाचती हुई नजर आईं और वर्ष 2004 में टीएलवी प्रसाद के निर्देशन में बनी फिल्म 'तौबा तौबा' में मोनालिसा ने सेक्स कॉमेडी भी की। इसके बाद भी वह 'अब बस', 'एक ही भूल', 'जलवा- फन इन लव', 'बंटी और बबली', 'ब्लैकमेल', 'बॉबी- लव एंड लस्ट', 'हाफ फ्राई हैदराबादी', 'लव गुरु', 'काफिला' जैसी हिंदी फिल्मों में छोटे और बड़े किरदार निभाती रहीं।
इसी बीच मोनालिसा ने 'जय श्रीराम', 'रॉन्ग नंबर' जैसी उड़िया फिल्मों में काम किया और 'टॉप सम्राट', 'अधिकार' जैसी बंगाली फिल्मों में भी वह कुछ अहम किरदार करते हुए नजर आईं। उन्होंने वर्ष 2006 में आई कन्नड़ फिल्म 'जैकपॉट' और 2008 की कन्नड़ फिल्म 'एनकाउंटर दयानायक' में भी अहम किरदार निभाए हैं। मोनालिसा वर्ष 2007 की तेलुगु फिल्म 'जगदम' में राम पोथीनेनी के साथ एक गीत पर नाचती हुई भी नजर आईं। अलग-अलग भाषाओं की इतनी फिल्मों में काम करने के बाद मोनालिसा ने कदम रखा भोजपुरी सिनेमा में।
भोजपुरी सिनेमा में मोनालिसा की पहली फिल्म वर्ष 2007 में 'श्रीमान ड्राइवरबाबू' रिलीज हुई जिसका निर्देशन दिनकर कपूर ने किया। मोनालिसा के साथ इस फिल्म में कृष्णा अभिषेक, सुशील सिंह और दिनेश लाल यादव मुख्य भूमिका में नजर आए। लेकिन, मोनालिसा भोजपुरी सिनेमा में अपनी असल लॉन्चिंग पंकज शुक्ल के निर्देशन में बनी फिल्म 'भोले शंकर' को मानती हैं। इस फिल्म में मोनालिसा मनोज तिवारी और मिथुन चक्रवर्ती के साथ मुख्य भूमिका में नजर आईं। अपने समय की सबसे बड़ी हिट फिल्म रही ‘भोले शंकर’ मिथुन चक्रवर्ती की एकमात्र भोजपुरी फिल्म है।
यहां से मोनालिसा भोजपुरी फिल्मों में एक बड़ा नाम बन गईं। उन्होंने भोजपुरी फिल्मों के लगभग सभी जाने-माने कलाकारों दिनेश लाल यादव, पवन सिंह, मनोज तिवारी, रवि किशन, खेसारी लाल यादव के साथ खूब काम किया। 'गंगा पुत्र', 'कर्तव्य', 'जिद्दी आशिक', 'खून पसीना', 'रंगबाज दरोगा', आदि फिल्मों के अलावा मोनालिसा ने दिनेश लाल यादव यानी निरहुआ के साथ भी कुछ फिल्में की हैं जिनमें 'राजा बाबू', 'बीवी नंबर 1', 'सात सहेलियां', 'सैंया जिगरबाज', 'आखरी रास्ता' प्रमुख हैं।
