बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा बिजनेसमैन वैभव रेखी से शादी करने के बाद लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। दीया और वैभव की शादी 15 फरवरी को परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों के बीच बेहद ही खूबसूरत तरीके से संपन्न हुई थी। उनकी शादी के कुछ समय बाद वैभव रेखी की पूर्व पत्नी सुनैना रेखी की भी प्रतिक्रिया सामने आई थी। अब हाल ही में दीया ने अपनी और वैभव की एक नई तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है और इसके साथ बेहद ही खूबसूरत बात कही है।
वैभव रेखी की पूर्व पत्नी सुनैना के पोस्ट के बाद दीया मिर्जा ने साझा की तस्वीर, कहा- अतीत जितना भी बुरा हो...
दीया मिर्जा ने शादी की एक खूबसूरत तस्वीर साझा करते हुए बुद्ध का एक कोट लिखा है। इस तस्वीर के कैप्शन में दीया ने लिखा, 'इस बात से फर्क नहीं पड़ता कि आपका अतीत कितना कठिन है, आप हमेशा एक नई शुरूआत कर सकते हैं, बुद्ध'। अब फैंस को दीया का ये पोस्ट और कैप्शन दोनो ही पसंद आ रहा है।
गौरतलब है कि वैभव रेखी की पत्नी सुनैना रेखी ने भी कुछ समय पहले इस शादी पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की थी। सुनैना ने कहा था कि, 'हां, मेरे पूर्व पति ने दीया मिर्जा से शादी की है। बहुत से लोग जानना चाहते हैं कि मैं और समायरा ठीक हैं या नहीं तो मैं बता दूं कि हम बिल्कुल ठीक हैं। इसके अलावा उन्होंने दीया और वैभव को शादी की बधाई देते हुए कहा था कि, 'हमारी बेटी हमारी शादी में कभी प्यार नहीं देख पाई, लेकिन इस शादी में उसे प्यार देखने को मिलेगा। अब मुंबई में उसका परिवार बढ़ गया है'।
बता दें कि दीया और वैभव दोनों की ही ये दूसरी शादी है। जहां वैभव इससे पहले सुनैना रेखी के पति थे तो वहीं दीया ने साहिल संघा से शादी की थी। हालांकि साहिल और दीया का रिश्ता कुछ साल की शादी के बाद डगमगाने लगा था जिसके बाद आपसी सहमति से दोनों ने तलाक ले लिया था। वहीं वैभव रेखी और सुनैना रेखी ने भी शादी के कुछ सालों के बाद तलाक ले लिया था। उनकी एक बेटी है समायरा जो अपने पिता की दूसरी शादी में शामिल थीं।
दीया और वैभव की ये शादी उन तमाम बातों को झूठलाती हैं जो महिलाओं की दूसरी शादी को गलत बताते हैं। दीया और वैभव की शादी के बाद से उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। बता दें कि दीया की शादी में परिवार के सदस्यों और दोस्तों के अलावा बॉलीवुड के कुछ गिने चुने सितारें भी मौजूद थे।
