एक्शन निर्देशक टीनू वर्मा के बेटे निर्देशक कपिल वर्मा ने अपनी पहली फिल्म 'ओम- द बैटल विदइन' के लिए मुख्य अभिनेत्री की तलाश ली है। अभिनेता आदित्य रॉय कपूर के जन्मदिन पर घोषित हुई उनकी इस फिल्म के लिए मुख्य अभिनेत्री के रूप में संजना सांघी को चुना गया है। संजना ने अब तक सिर्फ एक ही चर्चित फिल्म 'दिल बेचारा' में मुख्य अभिनेत्री की भूमिका निभाई है और वहीं से लोग संजना को जानने लगे।
सुशांत की आखिरी फिल्म ‘दिल बेचारा’ की हीरोइन का ये है अगला कदम, शिद्दत से करती रहीं मौके का इंतजार
फिल्म 'ओम- द बैटल विदइन' के निर्माता अहमद खान ने संजना का चुनाव उनकी फिल्म 'दिल बेचारा' में काम देखकर ही किया है। इसी साल ओटीटी पर रिलीज हुई इस फिल्म में संजना ने किजी बासु का किरदार निभाया जो कैंसर की बीमारी से जूझ रही है। यह फिल्म दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की अंतिम फिल्म होने की वजह से चर्चा में रही। दर्शकों ने तो इस फिल्म को हाथों हाथ लिया लेकिन समीक्षकों से इस फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया ही मिली।
अहमद के मुताबिक संजना ने 'दिल बेचारा' में अपना यह किरदार बहुत शानदार तरीके से निभाया है इसलिए उन्हें कपिल की इस फिल्म के लिए चुना गया। संजना ने अपने किरदार के बारे में बताते हुए कहा कि वह फिल्म 'ओम- द बैटल विदइन' में काव्या नाम की लड़की का किरदार निभाएंगी जो आत्मविश्वासी, कठिन परिश्रमी, होशियार और बहादुर है।
संजना कहती हैं, 'इस किरदार से हर भारतीय युवा लड़की प्रेरित हो सकती है और यह ऐसा किरदार है जो मैंने पहले कभी नहीं किया। इस किरदार को निभाने के लिए उत्साहित होने की एक वजह यह है कि मैं इसमें एक्शन करती हुई नजर आऊंगी। इसके लिए मुझे कई तरह की ट्रेनिंग लेनी पड़ रही हैं। यह मेरी मानसिक और शारीरिक रूप से परीक्षा होगी। और इससे भी ज्यादा उत्साहित होने की बात है कि मैं आदित्य के साथ काम करने वाली हूं।'
दावा किया गया है कि लॉकडाउन के दौरान संजना ने कई पटकथाएं पढ़ी हैं लेकिन उनके मुताबिक कपिल की फिल्म 'ओम- द बैटल विदइन' वह है जिसकी वह तलाश कर रही थीं। इस फिल्म की शूटिंग कपिल अगले महीने शुरू करेंगे और इसकी शूटिंग देश के तीन शहरों में होगी। मार्च के महीने तक फिल्म की शूटिंग पूरी होगी और अगले साल की दूसरी छमाही में ये फिल्म रिलीज हो सकती है।
साउथ सुपरस्टार विजय के पिता चंद्रशेखर ने बदला अपना फैसला, राजनीतिक पार्टी को पंजीकृत कराने से किया इनकार