बॉलीवुड के लिए साल 2018 काफी अच्छा रहा। कई फिल्मों ने ताबड़तोड़ कमाई की और 300 करोड़ के क्लब तक पहुंचीं। बड़े बजट की फिल्मों के अलावा छोटी बजट की कई फिल्मों ने उम्मीद से बढ़कर प्रदर्शन किया। अब जब ये साल खत्म होने जा रहा है उससे पहले चलिए हम आपको बताते हैं कि 2018 की 5 बड़ी फिल्में जिन्होंने सबसे ज्यादा कमाई की।
गुड बाय 2018: 'संजू'-'पद्मावत' समेत इन 5 फिल्मों की कमाई से बॉलीवुड हो गया मालामाल
संजू
राजकुमार हिरानी के डायरेक्शन में बनी संजू साल की सबसे बड़ी हिट रही। संजय दत्त की बायोपिक संजू ने आमिर खान की सुपरहिट फिल्म पीके के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया। पीके ने 340 करोड़ रुपये का लाइफटाइम बिजनेस किया था। संजू में रणबीर के अलावा परेश रावल, विक्की कौशल, मनीषा कोईराला, सोनम कपूर, दीया मिर्जा, अनुष्का शर्मा और जिम सरभ जैसे सितारे हैं। 100 करोड़ में बनी संजू ने बॉक्स ऑफिस पर कुल 341.22 करोड़ का बिजनेस किया।
पद्मावत
संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत लंबे विवाद के बाद रिलीज हुई थी हालांकि इस फिल्म ने कई रिकॉर्ड तोड़े और साल की पहली ब्लॉकबस्टर भी साबित हुई। पद्मावत ने बॉक्स ऑफिस पर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए महज 50 दिनों में 300 करोड़ के आंकड़े को पार किया था। शुरुआत में चार राज्यों में रिलीज नहीं होने के बावजूद फिल्म ने देशभर में अच्छा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया। बता दें कि संजय लीला भंसाली, दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर की यह पहली ऐसी फिल्म है जिसने 300 करोड़ का आंकड़ा पार किया।
2.0
रजनीकांत और अक्षय कुमार की फिल्म 2.0 ने अब तक वर्ल्डवाइड 710 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है। बाहुबली 2 के बाद 2.0 सबसे ज्यादा कमाई के मामले में दूसरी फिल्म बन गई है। फिल्म अभी भी सिनेमाघरों मेें टिकी हुई। अभी तक 2.0 के हिन्दी वर्जन ने 177 करोड़ की कमाई कर ली है। माना जा रहा है आने वाले दिनों में ये फिल्म 200 करोड़ तक पहुंच सकती है। 2.0 को तमिल, तेलुगू और हिन्दी में कुल 6800 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया है। यह फिल्म 2010 में आई रोबोट की सीक्वल है, जिसमें ऐश्वर्या राय बच्चन भी थीं।
रेस 3
अब जरा सलमान खान की फिल्म रेस 3 की बात करते हैं। इस फिल्म को लेकर भले ही सलमान खान का मजाक उड़ा हो लेकिन कमाई के मामले में रेस 3 ने कई फिल्मों को धूल चटाई। कलेक्शन की बात करें तो रेस 3 ने कुल 169 करोड़ का बिजनेस किया था। फिल्म का बजट 150 करोड़ रुपये था। रेस 3 में सलमान के अलावा बॉबी देओल, अनिल कपूर, जैकलीन फर्नांडिस और डेजी शाह भी हैं ।