एक्टर कार्तिक आर्यन की भूल भुलैया 2 रिलीज के 2 हफ्ते बाद भी बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। इस फिल्म ने अब तक 133 करोड़ का बिजनेस कर लिया है। फिल्म की जबरदस्त सफलता से कार्तिक काफी खुश हैं, क्योंकि रिलीज से पहले उनकी तुलना अक्षय कुमार से की जा रही थी। इस बीच भूल भुलैया 2 के हिट होने के बाद फिल्मी गलियारों में चर्चा शुरू हो गई कि कार्तिक जल्द ही हाउसफुल फ्रैंचाइजी में भी अक्षय कुमार को रिप्लेस करने जा रहे हैं। अब इस खबर पर कार्तिक की प्रतिक्रिया सामने आई है।
Kartik Aaryan: 'हाउसफुल' में अक्षय कुमार को रिप्लेस करने की खबर पर आया कार्तिक का रिएक्शन, कहा- कोई मुझसे भी...
कार्तिक ने ट्विटर पर इन खबरों पर रिएक्शन देते इसे अफवाह करार दिया है। उन्होंने ट्विटर पर एक आर्टिकल साझा करते हुए इसे 'निराधार' बताया। उन्होंने ट्वीट किया, 'कोई मुझसे भी पूछेगा मेरी अगली पिक्चर कौन सी है? निराधार।' एक्टर के इस ट्वीट पर अब लोगों की प्रतिक्रिया आने लगी है।
Koi mujhse bhi poochega meri agli picture kaunsi hai 😂😂
— Kartik Aaryan (@TheAaryanKartik) May 31, 2022
Baseless 🙏🏻 https://t.co/SFG3iSQpoj
एक व्यक्ति ने उन्हें अगला अक्षय कुमार कहते हुए कहा, 'वह हर मायने में अगले अक्षय कुमार हैं, कॉमेडी अच्छी करते हैं, हिट फिल्में देते हैं...आदि। इस ट्वीट को बुकमार्क करें।' एक अन्य ने लिखा, 'आप ही हमें बताएं, आपका अगला प्रोजेक्ट क्या है।'
बता दें कि कार्तिक की फिल्म भूल भुलैया 2 साल 2007 में रिलीज भूल भुलैया से काफी अलग है जिसे प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित किया गया था। फिल्म में अक्षय एक मनोचिकित्सक के रूप में नजर आए थे। जबकि इस फिल्म में कार्तिक का किरदार उनसे काफी हटकर है। हालांकि फिल्म कई समानताएं भी हैं।
इससे पहले एक इंटरव्यू में कार्तिक ने लोगों द्वारा उनकी तुलना अक्षय से करने को लेकर बड़ी बात कही थी। उन्होंने कहा था कि लोगों को उनकी तुलना अक्षय से नहीं करना चाहिए। एक्टर ने कहा था, 'भूल भुलैया में अक्षय मुझे काफी अच्छे लगे थे। मैं उन्हें देखते हुए बड़ा हुआ हूं, हम सब उन्हें देखते हुए बड़े हुए हैं। वो तुलना कभी ना ही करें तो बेहतर है।' गौरतलब है कि कार्तिक ने 2011 में लव रंजन की फिल्म प्यार का पंचनामा के साथ बॉलीवुड में अपनी शुरुआत की। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई थी। बाद में वह फिल्म प्यार का पंचनामा के सीक्वल में भी दिखे थे। उन्होंने सोनू के टीटू की स्वीटी, पति पत्नी और वो, लव आज कल 2, लुका चुप्पी, धमाका और कई अन्य फिल्मों में भी अभिनय किया है। उनके अपकमिंग प्रोजेक्ट की बात करें तो वह जल्द ही फिल्म शहजादा में नजर आएंगे। यह फिल्म रोहित धवन निर्देशित कर रहे हैं। शहजादा में कृति सेनन भी दिखेंगी। इससे पहले दोनों ने फिल्म लुका छुप्पी साथ काम किया है। फिल्म में मनीषा कोइराला और परेश रावल भी सहायक भूमिकाओं में होंगे।
