केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को एक विशेष स्क्रीनिंग में अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' देखी। मध्य दिल्ली के एक सिनेमाघर में उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों, कई केंद्रीय मंत्रियों, गृह मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों और अन्य मेहमानों के साथ यह फिल्म देखी। इस विशेष स्क्रीनिंग के दौरान पीयूष गोयल, अनुराग ठाकुर और अश्विनी वैष्णव सहित कई केंद्रीय मंत्री मौजूद रहे।
Samrat Prithviraj: विशेष स्क्रीनिंग में गृह मंत्री अमित शाह ने देखी 'सम्राट पृथ्वीराज', इस दिन सिनेमाघरों में देगी दस्तक
बता दें कि फिल्म की रिलीज से दो दिन पहले गृह मंत्री के लिए दिल्ली में फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई थी। यह फिल्म सिनेमाघरों में तीन जून को रिलीज होने वाली है। सम्राट पृथ्वीराज को बॉक्स ऑफिस पर सफल बनाने के लिए अक्षय जमकर फिल्म का प्रमोशन कर रहे हैं। अक्षय ने स्क्रीनिंग की फोटो शेयर करते हुए ट्वीट किया, 'मेरे लिए बहुत ही भावुक और गर्व की शाम। माननीय गृह मंत्री अमित शाह जी ने सम्राट पृथ्वीराज देखी इसके लिए बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। उनकी हमारी फिल्म के लिए प्रशंसा ने हमारी मेहनत सफल कर दी! हमेशा आभारी रहूंगा।'
A very emotional and proud evening for me. Had the rare honour of having Hon’ble Home Minister @AmitShah ji watch #SamratPrithviraj. उनकी हमारी फ़िल्म के लिए प्रशंसा ने हमारी मेहनत सफल कर दी! Ever so thankful 🙏🏻 pic.twitter.com/mMChTSucS7
अक्षय कुमार ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से एक खास अपील की। उन्होंने कहा कि सम्राट पृथ्वीराज और महाराणा प्रताप जैसे भारतीय राजाओं से संबंधित कहानियों को इतिहास की पाठ्यपुस्तकों में शामिल किया जाना चाहिए। एएनआई को दिए इंटरव्यू में अक्षय ने कहा कि इतिहास की किताबों में भारतीय राजाओं के बारे में बहुत कम उल्लेख मिलता है जबकि आक्रमणकारियों के बारे में ज्यादा बताया गया है। उन्होंने कहा कि इतिहास में हमारी संस्कृति हमारे राजाओं के बारे में जानने के लिए बहुत कुछ है जिनके बारे में लोगों को बिल्कुल पता नहीं है।
गौरतलब है कि 'सम्राट पृथ्वीराज' वीर और पराक्रमी राजा पृथ्वीराज चौहान की बायोपिक है। फिल्म में अक्षय कुमार लीड रोल में नजर आने वाले हैं। वहीं, मानुषी छिल्लर राजकुमारी संयोगिता के किरदार से बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं। फिल्म का निर्देशन चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने किया है। उन्हें टीवी सीरियल चाणक्य के लिए जाना जाता है। 'सम्राट पृथ्वीराज' का निर्माण यशराज फिल्म्स के बैनर तले हुआ है। फिल्म में अक्षय के अलावा सोनू सूद और संजय दत्त भी अहम भूमिका में दिखेंगे।
