साउथ एक्टर यश के फैंस की दुनियाभर में कमी नहीं है। फिल्म 'केजीएफ' के बाद उनकी लोकप्रियता और भी ज्यादा बढ़ गई है। यश के एक्टिंग स्किल्स से सभी वाकिफ हैं। अब यश अपने शूटिंग कौशल को निखार रहे हैं। जी हां, उनका हालिया सोशल मीडिया पोस्ट तो कुछ यही इशारा कर रहा है। बता दें कि यश सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं। हाल ही में उन्होंने एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वह मिलिट्री-ग्रेड राइफल चलाते नजर आ रहे हैं। यश का यह पोस्ट काफी वायरल हो रहा है।
Yash: हाथों में रायफल थामे निशाना लगाते नजर आए एक्टर यश, चल रही है किसी हॉलीवुड फिल्म की तैयारी?
यश ने यह वीडियो अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर की है। इसमें वह अमेरिका में फायरिंग रेंज में राइफल के साथ प्रैक्टिस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि यश काफी कुशलता से लक्ष्यों को भेदते नजर आ रहे हैं। वीडियो में हॉलीवुड के एक्शन डायरेक्टर जेजे पेरी भी नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह यश को दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
इस वीडियो के साथ यश ने कैप्शन में लिखा है, 'टारगेट तक पहुंचने के लिए हमेशा एक तरीका होता है, लेकिन इसे स्पॉट करना असली चुनौती होती है।' इसके अलावा यश ने जे जे पेरी को भी टैग करते हुए लिखा है, 'थैंक्यू माय मैन, क्या शानदार दिन रहा!! अगली बार कलाशनिकोव के साथ प्रैक्टिस करेंगे। बता दें कि कलाशनिकोव ऑटोमेटिक सीरीज की राइफल है। इसे एके 47 के रूप में भी जाना जाता है। यश की 'केजीएफ 2' में इस रायफल ने अहम रोल निभाया है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि अमेरिका में यश राइफल-फायरिंग टेक्नीक क्यों सीख रहे हैं। क्या यह तैयारी उनकी किसी अगली फिल्म के लिए है?
यश के इस वीडियो पर यूजर्स के काफी अच्छे रिएक्शन आ रहे हैं। यूजर्स फायर और हार्ट इमोजी पोस्ट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'रॉकिंग स्टार।' एक यूजर ने लिखा, 'आप बेहद हैंडसम हैं। आपके कैप्शन हमेशा प्रेरित करने वाले होते हैं।' एक यूजर ने लिखा, 'अब आपके अगले अपडेट का इंतजार है।' एक यूजर ने लिखा, 'रॉकी भाई रियल पब्जी गेम खेलते हुए।'