90 के दशक से ही करोड़ों दिलों पर राज करने वाली धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित ने आज बॉलीवुड में 35 साल पूरे कर लिए हैं। माधुरी ने अपने फिल्मी करियर की शुरूआत फिल्म 'अबोध' से की थी जो आज ही के दिन रिलीज हुई थी। 35 साल पहले साल 1986 में माधुरी दीक्षित ने गर्मी की छुट्टियां काटने के लिए अबोध फिल्म साइन की थी। अबोध से शुरू हुआ सफर तेजाब से होता हुआ और अंजाम, हम आपके हैं कौन जैसी फिल्मों से गुजरता हुआ 'कंलक' तक पहुंचा है।
माधुरी दीक्षित ने कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया। माधुरी पद्मश्री भी हैं। एक बेहतरीन कलाकार से बढ़कर वह बेहतरीन इंसान हैं। एक समय ऐसा भी था जब उन्हें एक फिल्म में काम करने के लिए एक महिला कलाकार के तौर पर सबसे ज्यादा पैसे मिलते थे। बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक शुरू-शुरू में बिना मेकअप के माधुरी खूबसूरत नहीं दिखती थी। मेकअप आर्टिस्ट पंढ़री जुकर बताते हैं, "सुभाष घई ने कर्मा फिल्म के एक गाने के लिए माधुरी दीक्षित को लिया था लेकिन जब उन्होंने माधुरी को देखा, तो सुभाष घई को कहा कि इस लड़की के नयन-नक्श सुंदर हैं। तुम इसे हीरोइन क्यों नहीं लेते?
सुभाष ने उन्हें मना कर दिया और कहा कि ये लड़की बहुत साधारण है, मुझे इसमें हीरोइन वाला चार्म नहीं दिखता। सुभाष का कहना था कि तुम इसकी सिफारिश इसलिए कर रहे हो क्योंकि ये तुम्हारे महाराष्ट्र की है। तब पंढ़री जुकर ने सुभाष घई से आधे घंटे का समय मांगा। जब पंढ़री जुकर ने माधुरी का मेकअप किया और सुभाष के सामने पेश किया तो सुभाष घई हैरान रह गए। माधुरी को देखते ही उन्होंने कर्मा फिल्म का वो गाना हटा दिया और अपनी अगली फिल्म में उन्होंने माधुरी को लीड हीरोइन का किरदार दे दिया।
दुनिया के मशहूर पेंटर एमएफ हुसैन माधुरी दीक्षित के बड़े फैन थे। उन्होंने माधुरी की फिल्म 'हम आपके है कौन' करीब 67 बार देखी थी। जब माधुरी ने 'आजा नचले' के साथ अपना कमबैक किया तो हुसैन ने पूरा थियेटर बुक कर लिया था। माधुरी दीक्षित के दीवानें सिर्फ इंडिया ही नहीं पाकिस्तान में भी हैं। कुछ रिपोर्ट्स की मानें तो जब बॉर्डर पर जंग छिड़ी थी तो पाकिस्तानियों ने कहा था, कि हम कश्मीर छोड़ देंगे अगर तुम हमें माधुरी दीक्षित दे दो।
आमिर के साथ दिल, सलमान के साथ 'हम आपके हैं कौन', तो शाह रुख के साथ 'दिल तो पागल है' जैसी कामयाब फिल्में दे चुकीं माधुरी ने अपने समय के तमाम बड़े एक्टर्स के साथ काम किया है। मधुबाला की तुलना कई बार माधुरी दीक्षित से होती रही है। उसका पहला बड़ा कारण है मोहक मुस्कान की मल्लिका मधुबाला की मिलियन डॉलर्स स्माइल। कुछ-कुछ ऐसी मुस्कराहट माधुरी दीक्षित में भी देखने को मिलती है। उनकी खिलखिलाहट गजब की है। माधुरी दीक्षित भी अपनी तुलना मधुबाला से होने पर खुद को धन्य मानती हैं।