छोटे पर्दे के मशहूर अभिनेता पर्ल वी पुरी के घर इन दिनों शोक का माहौल है। उनके पिता का निधन हो गया है। पर्ल वी पुरी ने नागिन, बेपनाह प्यार और मेरी सासु मां सहित टीवी के कई सीरियल्स में काम किया है। पिता के निधन की जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए दी है। पर्ल वी पुरी के पिता का निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ है।
'नागिन' अभिनेता के पिता का हुआ निधन, कहा- 'पिता का होना ही अपने आप में बहुत बड़ा सहारा होता है'
पर्ल वी पुरी ने अपने अधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पिता के साथ अपनी कई तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने पिता के लिए भावुक पोस्ट भी लिखा है। पर्ल वी पुरी ने अपने पोस्ट में लिखा, 'मैंने अपने पिता को खो दिया। दिवंगत श्री विपिन पुरी, वह एक बहुत खुशमिजाज इंसान थे, बहुत अच्छे शख्स, वह इंसान जिनकी वजह से आज मैं जो कुछ भी हूं, मैं सिर्फ एक पर्सेंट हूं उसका जो मेरे पिता थे, लेकिन इस 'थे' ने मेरा दिल तोड़ दिया है'।
अभिनेता ने पोस्ट में आगे लिखा, 'मैं आप सभी से अनुरोध करता हूं कि जितना हो सके उतना अपने माता-पिता से प्यार करिए। उन्हें सारी खुशियां दीजिए, उनके लिए वह बेहतर करिए जो आप उनके लिए कर सकते हैं, इससे पहले कि बहुत देर हो जाए। वक्त का कुछ नहीं पता। मैंने अपने पिता के साथ बहुत सारे सपने देखे थे, जिन्हें मैं अब पूरा करने के लायक नहीं हूं। पहली बार ऐसे लगा रहा है मैं शक्तिहीन हूं'।
पर्ल वी पुरी ने आगे लिखा, 'बाप का होना ही अपने आप में बहुत बड़ा सहारा होता है। बहुत ताकत मिलती है सिर्फ उनके होने से। मेरे पापा कहते थे, 'सब कुछ लुटा के भी अगर सीख या कुछ सीखने को मिले तो उसे सस्ता समझो।' सीखना बहुत जरूरी है और आज वक्त ने मुझे ये सिखा दिया कि जब तक भी मां बाप हैं उनके साथ रहना। रोज सुबह उनका आशीर्वाद लेना, उनके साथ वक्त बिताना बहुत जरूरी है। आप सभी से मेरी गुजारिश है, कृपया अपने माता पिता से प्यार कीजिए जितना कर सकते हैं'।
A post shared by Pearl V Puri (@pearlvpuri) on
सोशल मीडिया पर पर्ल वी पुरी का अपने पिता के लिए लिखा यह भावुक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। अभिनेता के फैंस और तमाम सोशल मीडिया उनके इस पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। साथ ही कमेंट के जरिए पर्ल वी पुरी के पिता की आत्मा की शांति की कामना भी कर रहे हैं। आपको बता दें कि पर्ल वी पुरी टीवी इंडस्ट्री के मशहूर कलाकार हैं।
पढ़ें: चित्रकारी में गोल्ड मेडेलिस्ट थीं भानु अथैया, ऑस्कर सहित जीते थे दो राष्ट्रीय पुरस्कार
