राजेश खन्ना हिंदी सिनेमा के पहले सुपरस्टार थे जिन्होंने बैक टू बैक 15 सुपरहिट फिल्म देने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। उनका ये रिकॉर्ड आज भी बॉलीवुड का कोई सितारा नहीं तोड़ पाया है। काका का स्टाइल, उनके कपड़े और उनके बोलने का अंदाज आज भी बहुत से लोग कॉपी करने की कोशिश करते हैं। हालांकि जो बात राजेश खन्ना में थी वो तो किसी और में हो ही नहीं सकती। राजेश खन्ना ने हिंदी सिनेमा में एक से बढ़कर एक सुपरहिट फिल्में कीं जिनमें ज्यादातर रोमांटिक फिल्में शामिल हैं।
राजेश खन्ना: 'बाबू मोशाय जिंदगी बड़ी होनी चाहिए लंबी नहीं...' ये हैं काका की फिल्मों के सुपरहिट डायलॉग्स
अमर प्रेम
फिल्म अमर प्रेम में राजेश खन्ना शर्मिला टैगोर संग नजर आए थे। पर्दे पर उनकी जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आती थी। फिल्म में राजेश खन्ना की हर एक अदा पर लोग दिल हार गए थे वहीं फिल्म के डायलॉग पर भी खूब तालियां बजी थीं। उनकी इस फिल्म का डायलॉग जो सबसे ज्यादा मशहूर हुआ था-
मैंने तुमसे कितनी बार कहा मुझसे ये आंसू नहीं देखे जाते, पुष्पा आई हेट टियर्स..
अवतार
शबाना आजमी और राजेश खन्ना की इस फिल्म ने दर्शकों को रुलाया भी और सीख भी दी थी। बच्चों से मिले धोखे के बाद अवतार(राजेश खन्ना) कैसे गरीबी से अमीरी का सफर तय करता है ये फिल्म में दिखाया गया था। इस फिल्म का एक डायलॉग था जो खूब मशहूर हुआ था-
सेठ जिसे तुम खरीदने चले हो उसके चेहरे पर लिखा है नॉट फॉर सेल
बावर्ची
इस फिल्म में राजेश खन्ना के साथ जया बच्चन नजर आईं थीं। ऋषिकेश मुखर्जी की इस फिल्म में राजेश खन्ना ने एक बावर्ची का किरदार निभाया था जो अपने निराले स्वभाव से घर के अजीबों गरीब लोगों को बदल देता है। ये बांग्ला फिल्म 'गाल्पा होलओ सात्यी' से प्रेरित थी। इस फिल्म के डायलॉग ने दर्शकों को काफी प्रभावित किया था।
किसी बड़ी खुशी के इंतजार में हम ये छोटी छोटी खुशियों के मौके खो देते हैं
अराधना
अराधना ही वो फिल्म थी जिसने राजेश खन्ना की सफलता की नींव गढ़ी थी। डबल रोल में नजर आए राजेश खन्ना ने अपने किरदार से दर्शकों का मन मोह लिया था वहीं शर्मिला टैगोर संग उनकी केमेस्ट्री फैंस के दिलों के आर पार चली गई थी। फिल्म के रोमांटिक गाने आज भी बहुत मशहूर हैं वहीं इस फिल्म के डायलॉग को भी काफी पसंद किया गया था-
एक छोटा सा जख्म बहुत गहरा दाग बन सकता है...
