फिल्म जगत एक ऐसी जगह है जहां आए दिन नए-नए रिश्ते बनने और टूटने की खबर आती है। कई ऐसे कलाकार हैं जिन्होने एक या दो फिल्मों में साथ काम किया और उनके बीच प्यार पनपने लगा। कई सितारों के प्यार को मंजिल मिली तो किसी का हाथ और साथ बीच राह में ही छूट गया। बॉलीवुड और टेलीविजन के कई कलाकार ऐसे भी हैं जिन्होने अपने प्यार को दुनियाभर के सामने स्वीकार किया। किसी-किसी के रिश्ते तो शादी के मुकाम तक पहुंचने के बाद टूट गए।
टूटे रिश्ते: सगाई तक पहुंच गया था रिश्ता, लेकिन शादी के बंधन में बंधने से पहले अलग हुए ये सितारे
रवीना टंडन-अक्षय कुमार
रवीना टंडन और अक्षय कुमार एक समय पर सबसे अधिक चर्चित जोड़ी थी। इनकी जोड़ी प्रशंसको को भी बहुत पसंद थी। रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों ने लगभग तीन साल तक एक-दूसरे को डेट किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक रवीना टंडन ने खुद एक बातचीत के दौरान इस बात का खुलासा किया था कि उन्होने अक्षय कुमार के साथ एक मंदिर में बिना किसी को बताए सगाई कर ली थी। लेकिन इनके करियर को कोई नुकसान नहीं हो इसकी वजह से उन्होने अपनी सगाई कि बात हर किसी से छुपाकर रखी। लेकिन रिपोर्ट्स की माने तो अक्षय की अन्य अभिनेत्रियों के साथ बढ़ती नजदीकियों को देखकर रवीना ने उनसे सगाई तोड़ दी।
करण सिंह ग्रोवर-बरखा बिष्ट
करण सिंह ग्रोवर वो अभिनेता हैं जो अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी खूब चर्चा में रहे हैं। इन दोनों की मुलाकात कितनी मस्त है जिंदगी के सेट पर हुई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार इस शो की शूटिंग के दौरान ये दोनों एक-दूसरे के काफी करीब आ गए थे। एक-दूसरे को डेट करने के बाद इन दोनों ने सगाई करने का फैसला लिया। रिपोर्ट्स की माने तो वर्ष 2004 में दोनों ने सगाई कर ली, लेकिन इसके बाद इन दोनो का रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चला और दोनों साल 2006 में अलग भी हो गए। बताया जाता है कि करण को बरखा का चुलबुला व्यवहार पसंद नहीं था जिससे वह असुरक्षित महसूस करने लगे थे। करण के इस बयान पर बरखा ने सफाई देते हुए कहा कि करण ने उन्हें धोखा दिया है और उनके व्यवहार को लेकर जो टिप्पणी की है वह सरासर गलत है।
नील नितिन मुकेश-प्रियंका भाटिया
नील नितिन मुकेश पिछले काफी समय से पर्दे से दूर हैं। लेकिन अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही नील नितिन मुकेश डिजाइनर प्रियंका भाटिया के प्यार में पड़ गए थे। रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों ने कुछ समय बाद सगाई कर ली। हालांकि उस दौरान नील नितिन मुकेश का करियर कुछ खास नहीं चल रहा था। नील अपने करियर पर अधिक फोकस करना चाहते थे इसलिए धीरे-धीरे वो प्रियंका भाटिया को समय नहीं दे पा रहे थे, जिसकी वजह से इनके रिश्ते के बीच मनमुटाव होने लगा। दोनों के बीच परेशानी इतनी अधिक बढ़ गई थी कि दोनों ने अपनी सगाई तोड़ दी।
विवेक ओबेरॉय- गुरप्रीत गिल
एक समय पर बॉलीवुड में ऐश्वर्या राय के साथ विवेक ओबेराय अपने रिश्ते को लेकर चर्चा में रहे हैं। लेकिन ये बात शायद बहुत ही कम लोग जानते हैं कि विवेक ओबेरॉय ऐश्वर्या राय से पहले गुरप्रीत से अपना दिल लगा बैठे थे। रिपोर्ट्स की माने तो बॉलीवुड में शुरुआती दौर में थोड़ी सफलता हासिल करने के बाद उन्होने गुरप्रीत गिल संग हुई अपनी सगाई को तोड़ दिया और ऐश्वर्या राय के प्यार में पड़ गए। उस दौरान ऐश्वर्या राय सफल अभिनेत्रियों में से एक थी।