बंगाली फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री मुनमुन सेन की बेटी रिया सेन 24 जनवरी को अपना जन्मदिन मनाती हैं। रिया 39 साल की हो गई हैं। कई फिल्मों में नजर आ चुकीं रिया बॉलीवुड में कुछ खास कमाल तो नहीं कर पाईं लेकिन विवादों से उनका गहरा नाता रहा है। रिया ने फिल्म 'स्टाइलट से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके अलावा उनकी मुख्य फिल्मों में 'झंकार बीट्स' और 'अपना सपना मनी मनी' है। रिया ने अपने करियर में 30 से ज्यादा हिंदी फिल्मों में काम किया है।
श्रीसंत संग थीं इस अभिनेत्री के अफेयर की खबरें, MMS लीक से लेकर कई विवादों से भरा रहा करियर
रिया का विवादों से पुराना नाता रहा है। एमएमएस लीक होने से लेकर रेव पार्टी में मिलने तक के उनके किस्से शामिल हैं। इसके अलावा रिया अपने अफेयर को लेकर भी हमेशा चर्चा में रहीं। रिया का नाम अक्षय खन्ना, मशहूर लेखक सलमान रुश्दी तक के साथ जुड़ चुका है। रुश्दी और रिया की उम्र में 30 साल का फासला है।
रिया और अक्षय खन्ना के अफेयर की खबरें उस वक्त उड़ीं जब दोनों साथ में फिल्म 'लव यू हमेशा' में काम कर रहे थे। ऐसा कहा जाता है कि रिया और अक्षय का ये रिलेशन ज्यादा दिनों तक चल नहीं पाया। दोनों के बीच जॉन अब्राहम के आने की खबर थी। जॉन उस दौरान एक सफल मॉडल की तरह उभर रहे थे। कहा जाता है कि अक्षय को छोड़ रिया जॉन को डेट करने लग गई थीं।
बॉलीवुड से अलग रिया का नाम क्रिकेटर श्रीसंत के साथ भी जुड़ चुका है। साल 2011 में रिया को कई बार स्टेडियम में श्रीसंत के लिए चीयर करते देखा गया। यही नहीं दोनों साथ-साथ रेस्टोरेंट और पब में भी स्पॉट होते रहते थे। हालांकि दोनों ने हमेशा खुद को अच्छा दोस्त ही बताया। जल्द ही श्रीसंत और रिया के रास्ते अलग हो गए। श्रीसंत ने भुवनेश्वरी देवी से शादी कर ली।
रिया का नाम उस वक्त खूब चर्चा में रहा जब उनका एक एमएमएस लीक हो गया। रिया इस एमएमएस में अभिनेता अश्मित पटेल के साथ नजर आई थीं। साल 2005 में रिया और अश्मित रिलेशनशिप में थे। उस दौरान रिया की एक फिल्म रिलीज होने वाली थी। फिल्म रिलीज से कुछ समय पहले ही रिया का ये वीडियो लीक हुआ था। जिसमें दोनों एक दूसरे को किस करते नजर आए थे। बाद में रिया और अश्मित ने इस वीडियो को झूठा करार दिया था।