अक्षय कुमार की ऐतिहासिक फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' शुरुआत से ही काफी चर्चा में रही। मगर, रिलीज के बाद यह फिल्म बॉक्स-ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक कलेक्शन करने में विफल साबित हो रही है। रिलीज के पांचवे दिन फिल्म के शो कैंसिल होते देखे गए हैं। यह लगातार दूसरा दिन है, जब शो में गिरावट दर्ज हुई है और फिल्म की टिकट कम बुक हो रही हैं। रिलीज के पांचवे दिन फिल्म की कमाई 4-4.25 करोड़ रुपये होने का अनुमान है।
Samrat Prithviraj Collection: मंडे टेस्ट में फेल हुई सम्राट पृथ्वीराज, कमाए सिर्फ इतने करोड़ रुपये
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उम्मीदों पर फिरा पानी
बता दें कि अक्षय कुमार और मानुषी छिल्लर अभिनीत 'सम्राट पृथ्वीराज' बीते तीन जून को रिलीज हुई थी। यह फिल्म महान राजा पृथ्वीराज चौहान पर आधारित है। अक्षय कुमार ने इसमें सम्राट पृथ्वीराज चौहान का लीड रोल किया है और मानुषी ने संयोगिता का किरदार निभाया है। इस फिल्म की ओपनिंग 10.70 करोड़ रुपये के साथ हुई। उम्मीद जताई जा रही थी कि फिल्म शनिवार-इतवार को बेहतर प्रदर्शन करेगी, मगर उम्मीदों पर पानी फिर गया। शनिवार को फिल्म ने 12.60 करोड़ की कमाई ही की। वहीं रविवार को फिल्म का कलेक्शन 16.10 करोड़ रहा। फिल्म का कुल वीकेंड कलेक्शन 39.40 करोड़ था।
लगातार दूसरे दिन गिरावट
सोमवार को फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' का हाल और खराब होता नजर आया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का चौथे दिन का कलेक्शन लगभग 4.60 करोड़ रुपये रहा। इसी तरह मंगलवार को भी फिल्म की कम पूछताछ रही। रिपोर्ट्स में सामने आया है कि पांचवे दिन (मंगलवार) भी फिल्म की शुरुआत खास नहीं रही। फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' के शो में मंगलवार को बड़ी गिरावट देखी गई है। टिकट बिक्री में यह गिरावट लगातार दूसरे दिन देखी गई है। फिल्म ने शुक्रवार की तुलना में सोमवार को 50 प्रतिशत कम कलेक्शन किया था। विश्लेषकों को उम्मीद थी कि मंगलवार को फिल्म सोमवार के समान स्तर पर बनी रहेगी, मगर ऐसा नहीं देखा गया। विश्लेषकों का अनुमान है कि फिल्म मंगलवार को 4-4.25 करोड़ रुपये की कमाई ही कर पाएगी।
हिंदी पट्टी में फिल्म का प्रदर्शन बेहतर
सूत्रों के मुताबिक मुंबई में वीकेंड पर भी फिल्म का कलेक्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। इसलिए सोमवार को गिरावट दर्ज होनी तय थी। मगर, जीरो ऑडियंस की वजह से शो कैंसिल होंगे, इस बात की उम्मीद नहीं थी। जहां, शो कैंसिल नहीं हुए हैं, वहां दर्शकों की संख्या कम देखी गई। मंगलवार को भी यही नजारा देखने को मिला। सूत्रों के मुताबिक यही स्थिति कोलकाता, बेंगलुरू में भी देखी जा रही है। हालांकि, दिल्ली में स्थिति इससे बेहतर है। साथ ही हिंदी पट्टी में फिल्म बेहतर प्रदर्शन कर रही है।