संजय दत्त के फैंस के लिए मंगलवार का दिन एक बुरी खबर लेकर आया। संजय दत्त बीते एक-दो दिन से स्वास्थ्य संबंधी कारणों से अस्पताल में भर्ती थे। जिसके बाद मंगलवार को उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए एलान किया कि वो फिल्मों से कुछ समय के लिए ब्रेक ले रहे हैं। यही सुनकर उनके फैंस का हाल बेहाल हो गया। इस एलान के कुछ देर बाद ही खबर आई कि संजय दत्त फेफड़े के कैंसर से जूझ रहे हैं। इस खबर के सामने आने के बाद से ही फैंस 'संजू बाबा' के बेहतर स्वास्थय के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। इसके साथ ही सभी को भरोसा है कि संजय दत्त कैंसर को मात देकर जल्दी ही फिल्मों में वापसी करेंगे। वैसे बता दें कि संजय दत्त ही ऐसे अभिनेता नहीं जो कैंसर जैसी बीमारी से जूझ रहे हैं। ऐसे कई अभिनेता और अभिनेत्रियां हैं जो इस बीमारी से लड़कर इसे मात देकर अब स्वस्थ्य जीवन व्यतीत कर रहे हैं। बताते हैं आपको भी कौन कौन से हैं ये सितारे...
संजय दत्त को हुआ फेफड़े का कैंसर, अब तक ये सितारे दे चुके हैं इस घातक बीमारी को मात
लीसा रे
बॉलीवुड अभिनेत्री लीसा रे ने साल 2001 में फिल्म 'कसूर' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म से लीसा ने कई लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। लेकिन साल 2009 में लीसा रे को 'मल्टीपल माइलोमा' नाम का कैंसर होने का पता लगा, यह एक रेयर कैंसर है। साल 2010 में लीसा ने स्टेम सेल ट्रांसप्लांट करवाकर इस कैंसर से खिलाफ जंग जीत ली। लेकिन आज भी उनका इलाज जारी है, और वो सिर्फ जूस, स्मूदीज और सब्जियां ही खाती हैं।
सोनाली बेंद्रे
अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे को हाई ग्रेड कैंसर होने के बारे में साल 2019 में उनके फैंस को पता चला था। सोनाली ने इसकी जानकारी खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए दी थी। सोनाली के इस पोस्ट के बाद से उनके प्रशंसक काफी निराश हो गए थे। जिसके बाद न्यूयॉर्क में उनका इलाज चला और उन्होंने कैंसर से जंग जीत ली।
ताहिरा कश्यप
कैंसर से जंग लड़ने वाली सेलिब्रिटीज में बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना की पत्नी ताहिरा कश्यप भी शामिल हैं। आमतौर पर जहां लोग इस बीमारी को छुपाने की कोशिश करते हैं लेकिन ताहिरा ने सोशल मीडिया पर अपनी कैंसर सर्जरी से लेकर बाल्ड लुक तक वाली तस्वीरें साझा कीं। ताहिरा ने बड़ी ही जिंदादिली और हिम्मत से कैंसर के साथ लड़ाई की और जीत भी हासिल की। बता दें कि ताहिरा को ब्रैस्ट कैंसर था।
मनीषा कोइराला
बॉलीवुड अभिनेत्री मनीषा कोइराला को साल 2012 में ओवेरियन कैंसर का पता चला था। इसके बाद करीब छह महीने तक मनीषा का अमेरिका में इलाज चला। मनीषा ने अपनी इच्छाशक्ति और हिम्मत के बल पर कैंसर जैसी बीमारी से जंग जीत ली। कैंसर की बीमारी से लड़ने के बाद मनीषा ने एक किताब भी लिखी जिसमें उन्होंने अपने संघर्ष के बारे में बताया। इस किताब का नाम है, 'Healed: How Cancer Gave Me A New Life'.
