हिंदी सिनेमा में वैसे तो कल्पनाओं की पतंगे ज्यादा उड़ती नजर आती हैं लेकिन हालिया समय में सच्ची घटनाओं से लेकर छोटे शहरों की कहानियों को भी पर्दे पर खूब उकेरा जा रहा है। फिल्म मेकर्स कई ऐसी कहानियां लेकर आ रहे हैं जो समाज को आईना दिखाती नजर आती हैं। अब जाने-माने दिग्गज कलाकार संजय मिश्रा भी फिल्म 'होली काउ' के साथ दर्शकों के सामने फिर से नया मुद्दा पेश करने के लिए तैयार हैं। आज उनकी इस फिल्म का पोस्टर भी जारी कर दिया गया है।
Holy Cow Poster: पर्दे पर आने को तैयार एक और सामाजिक कहानी, रिलीज हुआ 'होली काउ' का पोस्टर
इस समय कलाकारों के साथ ही मेकर्स भी कई प्रयोग करते नजर आ रहे हैं और यही वजह है कि सामाजिक मुद्दों पर कई फिल्में भी बनाई जा रही हैं। फिल्म 'होली काउ' भी ऐसी ही एक फिल्म है, जो व्यंग्य के साथ असल मुद्दे को भी सामने रखेगी। जहां एक तरफ कई फिल्मों के पोस्टर को लेकर बवाल मचा हुआ है, वहीं होली काउ का पोस्टर इन सब विवादों से इतर है। इसमें संजय मिश्रा के साथ ही गाय भी नजर आ रही है। फिलहाल देखना ये होगा कि फिल्म को लेकर दर्शकों का क्या रिस्पॉन्स मिलता है।
गाय को ढूंढने की कहानी है 'होली काउ'
संजय मिश्रा की ये फिल्म डार्क कॉमेडी होगी। जानकारी के मुताबिक यह सलीम अंसारी के एक रात के एडवेंचर पर आधारित है, जो अपनी लापता गाय रुखसार को खोजने की कोशिश में निकलता है। फिल्म में गंभीर बातों को कॉमेडी का तड़का लगाकर परोसा जाएगा।
नवाजुद्दीन की पत्नी ने संभाली प्रोड्यूसर की कमान
बात करें फिल्म की तो इसमें संजय मिश्रा मुख्य भूमिका में दिखाई देने वाले हैं, वहीं अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी गेस्ट अपीरियंस में नजर आने वाले हैं, तिग्मांशु धूलिया भी अहम किरदार में होंगे। इस फिल्म का निर्देशन साई कबीर करेंगे, वहीं इसके प्रोडक्शन की कमान अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी की पत्नी आलिया सिद्दीकी ने संभाली है। यह फिल्म 26 अगस्त को रिलीज होने वाली है।
