दक्षिण भारतीय नायिका शकीला की बायोपिक फिल्म ‘शकीला’ को भी शकीला के ही नाम का सहारा है। फिल्म का एक टीजर बुधवार को सामने आया है जिसमें ऋचा चड्ढा की अदाएं बताती हैं कि ये फिल्म एक और दक्षिण भारतीय नायिका सिल्क स्मिता की कथित बायोपिक ‘डर्टी पिक्चर’ की तरह देह दर्शन पर ही टिकी रहने वाली है। फिल्म इसी महीने सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और फिल्ममेकर्स का दावा है कि जैसे शकीला के नाम पर सिनेमाघर भर जाते थे, वैसे ही फिल्म ‘शकीला’ के लिए भी सिनेमाघरों में भीड़ उमड़ पड़ेगी।
अभिनय की बजाय अदाएं दिखाती नजर आईं ऋचा चड्ढा, ‘डर्टी पिक्चर’ से आगे निकलना पहली चुनौती
फिल्म ‘शकीला’ के पोस्टर के बाद ऋचा चड्ढा को एक बिल्कुल एमएक्स प्लेयर की सीरीज ‘मस्तराम’ की रानी चटर्जी के तरह दिखाते हुए फिल्म का टीजर रिलीज हो गया है। देश की तमाम महत्वपूर्ण भाषाओं में रिलीज होने जा रही इस फिल्म का पूरा दारोमदार इसके सिर्फ वयस्कों के लिए जैसे संभावित सेंसर सर्टिफिकेट पर टिका है क्योंकि यूट्यूब पर जो पहली झलक फिल्म ‘शकीला’ की सामने आई है, उसके मुताबिक ये फिल्म पारिवारिक मनोरंजन तो कतई नहीं है।
जानकारी के मुताबिक मुस्लिम परिवार से ताल्लुक रखने वाली शकीला ने 16 साल की उम्र में फिल्म उद्योग में प्रवेश किया और उनकी मादक अदाओं में आगे की सीटों पर बैठने वालों के बीच में हलचल मचा दी थी। अब लॉकडाउन के बाद फिल्म की रिलीज कुछ इस तरीके से की जा रही है जैसे एमएक्स प्लेयर की कोई सीरीज बड़े परदे पर देखने को मिलने वाली है। सेमी पॉर्न टाइप की दिखती इस फिल्म में ऋचा चड्ढा अपने पूरे लटके झटके दिखा रही हैं और अपने करियर को एक अलग ऊंचाई पर ले जाने की कोशिश करती दिख रही हैं।
फिल्म ‘शकीला’ में हिंदी सिनेमा के चर्चित अभिनेता पंकज त्रिपाठी के साथ मलयालम सिनेमा के अभिनेता राजीव पिल्लै ने भी महत्वपूर्ण किरदार निभाए हैं। फिल्म के निर्देशक इंद्रजीत लंकेश कहते हैं, ''जब शकीला अपने करियर के शीर्ष पर थीं तो एक और सुपरस्टार के लिए कोई जगह नहीं थी। उन्हें लगातार खतरा महसूस हो रहा था। यह एक महिला की उद्योग में आने और कारोबार पर हावी हो जाने की कहानी है।”
फिल्म ‘शकीला’ में टाइटर रोल कर रहीं ऋचा चड्ढा कहती है, "मुझे खुशी है कि फिल्म रिलीज हो रही है। उम्मीद है कि यह लोगों के जीवन में कुछ हंसी और मनोरंजन लाएगी और यह निराशाजनक वर्ष एक खुशहाल माहौल में समाप्त होगा। शकीला की कहानी सभी कहानियों से विपरीत है। दक्षिण में वह बहुत अच्छी तरह से जानी जाती है और यह देखना दिलचस्प होगा कि वहां इस फिल्म को लोग किस तरह से लेते हैं।”
पढ़ें: इसे कहते हैं असली ‘दबंग’! जो रुआब अमिताभ, अक्षय और आयुष्मान नहीं दिखा पाए, वो कर दिखाया कार्तिक आर्यन ने