बॉलीवुड में इस हफ्ते ऐसी कई खबरें आईं जो खूब चर्चा में रहीं। मुंबई में अंबानी के परिवार का ग्रैंड रिसेप्शन हुआ जिसमें सेलिब्रिटीज का तांता लग गया, वहीं कलंक के टीजर को दर्शकों ने इतना पसंद किया कि महज 24 घंटे में इसे 2.5 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देख लिया। चलिए आगे की स्लाइड में हम आपको इस पूरे हफ्ते की बड़ी खबरों से रूबरू करवाते हैं।
अंबानी के रिसेप्शन और 'कलंक' सहित बॉलीवुड की इन खबरों ने हफ्ते भर बटोरी सुर्खियां
आकाश अंबानी का ग्रैंड रिसेप्शन
मुकेश अंबानी के बड़े बेटे आकाश और श्लोका की शाही शादी के बाद 10 मार्च को ग्रैंड रिसेप्शन दिया गया। यह रिसेप्शन मुंबई के जियो पार्क में हुआ। जिसमें बॉलीवुड, बिजनेस, खेल और राजनीतिक क्षेत्र के लोग शामिल हुए। बॉलीवुड सितारों की बात करें तो रेखा, मलाइका अरोड़ा, जूही चावला, अमिताभ बच्चन समेत दूसरी कई हस्तियां पहुंचीं।
नवाजुद्दीन की 'फोटोग्राफ' बॉक्स ऑफिस पर रिलीज
बॉक्स ऑफिस पर इस शुक्रवार नवाजुद्दीन सिद्दीकी और सान्या मल्होत्रा की फिल्म फोटोग्राफ रिलीज हुई। लंच बॉक्स के बाद डायरेक्टर रितेश बत्रा ने मुंबई को एक अलग तरह से दिखाने की कोशिश की है, हालांकि टिकट खिड़की पर फिल्म की बहुत ही ठंडी शुरुआत रही। शुक्रवार को जहां फोटोग्राफ ने 25 लाख तो वहीं शनिवार को 35 लाख की कमाई की है।
जल्द शूटिंग शुरू कर सकते हैं इरफान
इरफान खान लंबे समय से लाइम लाइट से दूर लंदन में अपना इलाज करवा रहे थे। इस हफ्ते वो ठीक होकर भारत लौटे हैं। खबरों की मानें तो इरफान खान फिर से फिल्मों में वापसी करने जा रहे हैं। इसके चलते वो फिल्ममेकर दिनेश विजान से मिलने पहुंचे थे। खबरों की मानें तो इरफान खान जल्द ही हिंदी मीडियम के सीक्वल की शूटिंग शुरू करेंगे। इरफान को पिछले साल न्यूरो एंडोक्राइन नाम की एक बीमारी हो गई थी।
'कलंक' का टीजर रिलीज
करण जौहर की फिल्म कलंक का टीजर रिलीज हो गया है। फिल्म में माधुरी दीक्षित, संजय दत्त, आलिया भट्ट, सोनाक्षी सिन्हा, वरुण धवन और आदित्य रॉय कपूर की मुख्य भूमिका है। 1940 की पृष्ठभूमि पर बनी कलंक 17 अप्रैल को रिलीज होगी। इसका निर्माण करण जौहर और साजिद नाडियावाला ने किया है जबकि निर्देशन अभिषेक वर्मन ने किया है।