छोटे परदे का असर देश में कुछ यूं रहा है कि जब धारावाहिक ‘रामायण’ और ‘महाभारत’ प्रसारित होते थे, तो बाजार, सड़कें और गलियां सुनसान हो जाया करती थीं। इनके कलाकारों को सामने देख लोग दंडवत हो जाते थे। इन सितारों की निजी जिंदगियों में लोगों की दिलचस्प तब भी होती थी, लेकिन इस बारे में जानने के जरिये ही इतने नहीं होते थे। फिर सैटेलाइट चैनल भी आए, लेकिन टेलीविजन का असर कम नहीं हुआ। धारावाहिक ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में मिहिर नामक किरदार की मौत हुई तो उस रात लाखों घरों में खाना ही नहीं बना। ऐसा रहा है दर्शकों का टीवी सितारों से रिश्ता। लेकिन परदे पर प्रेम की पींगे बढ़ाने वाले इन टीवी सितारों के वैवाहिक जीवन के रिश्ते उतने ठोस नहीं रह पाते हैं। अब ‘महाभारत’ में कृष्ण बनने वाले नीतीश भारद्वाज को ही लीजिए। दो बार उन्होंने घर बसाने की कोशिश की और दोनों बार नाकाम रहे। चलिए बताते हैं आपको उनकी ये प्रेम कहानियां और साथ ही कुछ और ऐसे सितारे, जिन्हें वफा ना रास आई...
Television Sad Love Stories: परदे पर ‘कृष्ण’ बने नीतीश की अभागी प्रेम कहानियां, इन लोगों को भी रास नहीं आई वफा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दो बार ‘प्रेम’ पाने में विफल रहे नीतीश
धारावाहिक ‘महाभारत’ में प्रेम का उपदेश देने वाले कृष्ण यानी नीतीश भारद्वाज को निजी जीवन में प्रेम नसीब नहीं हुआ। नीतीश भारद्वाज को लोगों का खूब प्यार मिला। जहां भी वह जाते हैं संस्कार लुटाते हैं, प्रेम की बातें करते हैं और लोगों का मनोरंजन करते हैं। लेकिन शादी की बात चले तो वह खुद कहते हैं, ‘मैं खुद को बदकिस्मत मानता हूं कि मैं अपनी शादी को नहीं बचा पाया।’ नितीश भारद्वाज की पहली शादी 1991 में मोनिशा पाटिल से हुई। कोई 14 साल साथ रहने के बाद दोनों का 2005 में तलाक हो गया। इसके बाद नीतीश ने इंदौर की अफसर स्मिता गाते से 2009 में शादी की। लेकिन वह भी लंबी नहीं चली। नीतीश भारद्वाज की पहली शादी से एक बेटी और एक बेटा है और दूसरी पत्नी से दो जुड़वां बेटियां है, जो अपनी मां के साथ इंदौर में रहती हैं।
आमिर और संजीदा की अभागी प्रेम कहानी
आमिर अली और संजीदा शेख टीवी की दुनिया के चर्चित चेहरे है। दोनों साल 2012 में शादी के बंधन में बधे और नौ साल के बाद दोनों ने बीते साल तलाक ले लिया। आमिर अली और संजीदा शेख की पहली मुलाकात बड़ी ही रोमांटिक रही है। दोनों एक साथ ‘नच बलिये’ में आ चुके हैं। शादी के बाद आमिर अली और संजीदा शेख अपनी शादीशुदा जिंदगी से काफी खुश दिखे थे और अपने प्रशंसकों को खुशहाल सम्बन्धों के सक्सेस मंत्र भी देते रहे हैं। बाद में इन दोनों के बीच किस वजह से तनाव पैदा हुआ और क्यों दोनों अलग हो गए. इसका खुलासा उन्होंने कभी नहीं किया। इन दोनों की एक तीन साल की बेटी है।
नाम बदला पर किस्मत नहीं बदल सकीं
टेलीविजन की चर्चित अभिनेत्री रश्मि देसाई के बचपन का नाम शिवानी देसाई है। उन्होंने दिव्या देसाई के नाम से कई भोजपुरी फिल्मों में भी काम किया। फिर जब उन्हें कलर्स चैनल के शो ‘उतरन’ में काम करने का मौका मिला तो उन्होंने अपना नाम दिव्या देसाई से रश्मि देसाई कर लिया ताकि भोजपुरी सिनेमा की पहचान से दूरी बना सके। 'उतरन' में तपस्या ठाकुर के किरदार में उन्हें खूब लोकप्रियता मिली। इसी शो के कोएक्टर नंदीश संधू से शो की शूटिंग के दौरान नजदीकियां बढ़ी और दोनों ने 12 फरवरी 2012 को शादी कर ली। लेकिन चार साल के बाद ही दोनों के बीच तलाक हो गया। बताया गया कि रश्मि को शादी के बाद भी नंदीश संधू का अपनी महिला दोस्तों के साथ समय बिताना रास नहीं आया।
करण सिंह ग्रोवर की तीसरी प्रेम कहानी
अभिनेता करण सिंह ग्रोवर अपनी शादी शुदा जिंदगी को लेकर काफी चर्चा में रहे हैं। उन्होंने सबसे पहले श्रद्धा निगम से शादी की किन्तु शादी के कुछ ही समय बाद दोनों के बीच तलाक हो गया। फिर करण सिंह ग्रोवर ने दूसरी शादी जेनिफर विंगेट से की। जेनिफर से शादी के कुछ अरसे बाद ही करण सिंह ग्रोवर का नाम अभिनेत्री बिपाशा बसु के साथ जुड़ने लगा। दोनों के बीच प्रेम इस कदर परवान चढ़ा कि करण सिंह ग्रोवर ने जेनिफर विंगेट को तलाक दे दिया। दो प्रेम कहानियों में विफल रहे करन को उम्मीद है कि बिपाशा बसु के साथ उनकी तीसरी प्रेम कहानी का हैपी एंडिंग परमानेंट है।