सलमान खान और आलिया भट्ट के साथ 'इंशाअल्लाह' बनाने के लिए भंसाली की प्रोडक्शन कंपनी ने काफी मेहनत की थी। फिल्म के प्री प्रोडक्शन पर पैसा भी काफी खर्च हुआ। भंसाली प्रोडक्शन्स ने बीती 27 अगस्त को जबसे इंशाअल्लाह को बंद करने का एलान किया, तबसे इस बारे में हर दिन कोई न कोई नई अफवाह सुनने को मिल रही है। लोग अनुमान लगाते रहे हैं कि भंसाली शायद 'इंशाअल्लाह' बंद न करें और किसी दूसरे हीरो के साथ इसे फिर से शुरू कर लें। कहानी में कुछ बदलाव किए जाने की भी चर्चाएं हो रही हैं। अमर उजाला इस बारे में पहले ही तफ्तीश कर चुके है, जिसमें स्पष्ट हो गया था कि भंसाली ऐसा कुछ भी नहीं करने जा रहे। आखिर ऐसी अफवाहें क्यों फैल रही हैं?
'इंशाअल्लाह' को बंद करने का एलान कर चुके हैं भंसाली, क्यों फैल रही ऐसी अफवाहें?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहले खबर लीक हुई कि भंसाली की ये फिल्म हॉलीवुड फिल्म प्रिटी वूमन की कहानी से मिलती जुलती है। ये खबर जानबूझकर लीक कराई गई ताकि भंसाली पर कहानी बदलने का दबाव बनाया जा सके। भंसाली के करीबी बताते हैं कि इस फिल्म का प्रिटी वूमन की कहानी से दूर दूर तक लेना नहीं है।
एक अफवाह ये भी फैली कि सलमान फिल्म में आलिया भट्ट के साथ डेजी शाह और वलूशा डिसूजा की भी एंट्री चाहते थे। वहीं भंसाली इस पर सहमत नहीं थे। वलूशा ने इन खबरों को महज अफवाह बताया। वहीं, मुंबई मिरर की एक रिपोर्ट के अनुसार, एक अफवाह ये फैली कि हाल ही में संजय लीला भंसाली से रितिक रोशन ने मुलाकात की है और वह फिल्म में नजर आ सकते हैं। अब ये अफवाह सुनने को मिल रही है कि सलमान खान ने फिल्म की लीड ऐक्ट्रेस आलिया भट्ट के साथ किसिंग सीन के कारण फिल्म को छोड़ने का फैसला किया है।
जान लीजिए बंद होने का असली कारण
इंशाअल्लाह को लेकर विवाद कहां से शुरू हुआ, ये पूछने पर भंसाली के प्रोडक्शन हाउस के सूत्र बताते हैं कि पूरा मामला फिल्म की कहानी में लगातार हस्तक्षेप से शुरू हुआ। भंसाली अपनी फिल्मों के क्रिएटिव मसलों में बड़े से बड़े सुपरस्टार्स की भी नहीं सुनते हैं। रणवीर सिंह को तो वह सार्वजनिक रूप से डांट भी लगा चुके हैं। पर सलमान को शायद भंसाली का ये रवैया याद नहीं रहा। उन्होंने अपनी दबंगई यहां भी चलानी चाही और मामला बिगड़ गया।
आलिया के साथ बायोपिक बनाएंगे भंसाली
'इंशाअल्लाह' किसी दूसरे सितारे के साथ बनाने का निर्माता निर्देशक संजय लीला भंसाली का कोई इरादा नहीं है। भंसाली के नजदीकी सूत्रों के मुताबिक 'इंशाअल्लाह' के बंद होने के बाद वह आलिया भट्ट के साथ एक फिल्म की योजना जरूर बना रहे हैं, लेकिन ये फिल्म एक बायोपिक होगी। सूत्र बताते हैं कि 'इंशाअल्लाह' बंद होने के बाद से भंसाली और आलिया की इस बीच काफी बातें और मुलाकातें हुई हैं और दोनों के बीच नई कहानी पर काम करने की रजामंदी भी बन गई है।
ये कहानी मुंबई की झोपड़पट्टियों में पली बढ़ी एक लड़की के संघर्ष की कहानी है जो अपने दमखम के बूते कामयाबी पाती है और मशहूर हो जाती है। भंसाली की इस बायोपिक के लिए कहानी पूरी हो चुकी है और अब इसकी पटकथा पर काम शुरू हो चुका है। भंसाली किसी भी सूरत में आलिया भट्ट को लेकर एक फिल्म जरूर बनाना चाहते हैं क्योंकि 'इंशाअल्लाह' के लिए आलिया ने अपने अगले एक साल की तमाम तारीखें ब्लॉक कर दी थीं।
इंशाअल्लाह को पीछे छोड़ आगे बढ़ चुके हैं भंसाली
इंशाअल्लाह को पीछे छोड़ निर्माता निर्देशक संजय लीला भंसाली के कदम आगे बढ़ चुके हैं। आलिया को लेकर एक बॉयोपिक के अलावा भंसाली ने एक और फिल्म की तैयारी शुरू कर दी है, जिसके लिए उन्होंने मशहूर अभिनेता रणदीप हुड्डा और अभिनेत्री जोया हुसैन को साइन कर लिया है। निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म हाईवे में अपने अभिनय का एक अनोखा रंग दिखाने वाले अभिनेता रणदीप हुड्डा का इस फिल्म में बहुत ही अनोखा किरदार है।
उनके साथ फिल्म मुक्काबाज की हीरोइन जोया है। फिल्म की कहानी इंसान के रंग रूप से ज्यादा उसकी नीयत पर भरोसा करने की कहानी है और इसका नाम भी भंसाली ने बहुत सोच विचारकर अनफेयर एंड लवली रखा है। भंसाली के प्रोडक्शन हाउस ने इस बारे में कोई आधिकारिक बयान तो जारी नहीं किया है, सूत्र बताते हैं कि फिल्म की शूटिंग आने वाली सर्दियों में शुरू हो जाएगी और इसका निर्देशन भंसाली की बजाय उनकी टीम का कोई निर्देशक करेगा।