जब बात प्रेम की होती है, तो लोगों को ताजमहल और वैलेंटाइंस डे याद आता है। और जब बात खूबसूरती की होती है, तो ऐसा हो नहीं सकता कि मधुबाला का जिक्र ना हो। यह दोनों ही एक दूसरे के पूरक हैं। जब बात मधुबाला की होती है, तो इनके अभिनय और फिल्मों की बातें बाद में शुरू होती हैं, सबसे पहले चर्चा शुरु होती है इनकी खूबसूरती से। हिंदी सिनेमा की मधुबाला ही एकमात्र अभिनेत्री ऐसी थीं जिनकी खूबसूरती की तुलना हॉलीवुड की खूबसूरत अभिनेत्री मर्लिन मुनरो से की जाती है। मधुबाला को 'द वीनस क्वीन ऑफ इंडियन सिनेमा', 'द ब्यूटी विद ट्रेजेडी' जैसे तमगों से भी जाना जाता है। आज उनकी पुण्यतिथि पर हम आपको उनके कुछ खूबसूरत किरदारों के बारे में बताते हैं।
इन 10 किरदारों से मधुबाला को मिला 'वीनस क्वीन' का खिताब, खूबसूरती में अब तक कोई नहीं है टक्कर में
किरदार : गंगा
फिल्म : नीलकमल (1947)
मधुबाला का रुझान अभिनय की तरफ तो बचपन से ही था, क्योंकि इस फिल्म से पहले भी वह बाल कलाकार के रूप में कई फिल्मों में काम कर चुकी थीं। इस फिल्म में पहली बार मात्र 14 वर्ष की उम्र में मधुबाला ने मुख्य भूमिका में एक वयस्क नायिका का बेहतरीन किरदार निभाया था। इतनी कम उम्र में पर्दे पर प्रेम दर्शाना और अपनी भावनाओं को बेहतरीन तरीके से प्रदर्शित कर देना, बहुत बड़ी बात है।
किरदार : कामिनी
फिल्म : महल (1949)
सही मायने में मधुबाला को रातों-रात सुपरस्टार बनाने का काम इसी फिल्म ने किया था। इस फिल्म में कामिनी का किरदार सबसे पहले उस समय की बेहतरीन अदाकारा सुरैया के खाते में गया था। लेकिन मधुबाला का भाग्य ही समझो कि सुरैया से छूट कर यह किरदार मधुबाला तक पहुंचा। कमाल अमरोही के निर्देशन और निर्माण में बनी इस फिल्म ने ही सबसे पहले पुनर्जन्म का परिचय सिनेमा में कराया था।
किरदार : तराना
फिल्म : तराना (1951)
मधुबाला और दिलीप कुमार की जोड़ी ने मिलकर हिंदी सिनेमा में इतिहास बनाया है, और इस इतिहास की नींव इसी फिल्म से रखी गई। क्योंकि इस फिल्म में ही पहली बार मधुबाला और दिलीप कुमार एक साथ नजर आए। इस फिल्म में मधुबाला का नाम तराना है, और उन्होंने गांव की एक भोली-भाली खूबसूरत लड़की का किरदार निभाया है। दिलीप कुमार का किरदार मोतीलाल गांव में पनाह लेता है, और दोनों में प्यार हो जाता है। अब जब फिल्म में मधुबाला हैं, तो प्यार होना तो लाजमी है।
किरदार : अनीता वर्मा
फिल्म : मिस्टर एंड मिसेज 55 (1955)
मधुबाला की बेहतरीन अदाकारी का नमूना इस फिल्म में भी देखने को मिला। यहां उन्होंने एक रईस औरत अनीता वर्मा का किरदार निभाया है, जो एक बड़ी प्रॉपर्टी की वारिस है। उन्होंने अपने किरदार के साथ इस फिल्म में अपनी अदाकारी से रोमांस और कॉमेडी का खूब तड़का लगाया है। अनीता प्रीतम (गुरुदत्त) से प्यार करने लगती है, और फिर कहानी में बहुत सारे उतार-चढ़ाव आते हैं।