पूर्व पति जॉनी डेप के खिलाफ हाई प्रोफाइल मानहानि मुकदमे के कारण पिछले काफी समय से अभिनेत्री खूब सुर्खियों में रही हैं। हालांकि केस खत्म होने के बाद भी इसकी चर्चाएं खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। इस केस में जॉनी डेप की जीत हो चुकी है, जिसके बाद कोर्ट ने एम्बर को करीब 10 मिलियन डॉलर मुआवजे के तौर पर भुगतान करने के लिए बोला गया था। लेकिन जॉनी के वकील ने इशारों-इशारों में एक शर्त रखते हुए साफ कर दिया था कि अभिनेता उनसे पैसे नहीं लेंगे। इस केस ने एम्बर की साख को बहुत नुकसान पहुंचाया है और हारने के बाद तो सोशल मीडिया पर वह जमकर ट्रोल की जा रही हैं। इन सबके बीच पिछले दिनों एम्बर के लिए एक बुरी खबर सामने आई थी, जिसमें दावा किया जा रहा था कि अभिनेत्री को 'एक्वामैन 2' से निकाल दिया गया है। लेकिन अब एम्बर ने इन अटकलों पर विराम लगा दिया है।
Johnny vs Amber: क्या जॉनी से केस हारने के बाद एम्बर की साख को पहुंचा नुकसान, 'एक्वामैन 2' से हटाई गईं अभिनेत्री?
एम्बर को लगा बड़ा झटका?
हाई प्रोफाइल मानहानि मुकदमा हारने के कुछ हफ्तों बाद भी जॉनी और एम्बर से जुड़ी खबरें लगातार सामने आ रही हैं। इस मुकदमे की सुनवाई के दौरान कोर्ट रूम में दोनों ने एक-दूसरे के ऊपर खूब कीचड़ उछाला था, जिसके कारण दोनों की पॉपुलैरिटी में कमी देखने को मिली थी। लेकिन जहां केस जीतने के बाद जॉनी ने एक दमदार वापसी की है, वहीं एम्बर को बहुत हताशा का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद वह डटकर सब चीजों का सामना कर रही हैं। पिछले दिनों एम्बर को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई थी कि उन्हें 'एक्वामैन' के सीक्वल से निकाल दिया गया है। बता दें कि यह वही फिल्म है, जिसके पहले पार्ट ने एम्बर को खूब पॉपुलैरिटी दिलाई थी।
एम्बर ने किया खबरों का खंडन
इस खबर का खंडन करते हुए एम्बर हर्ड के प्रवक्ता ने इसे महज एक अफवाह बताया है। अभिनेत्री के प्रवक्ता ने एक मीडिया संस्थान को दिए एक इंटरव्यू में कहा, "ऐसी अफवाहें पहले दिन से आ रही हैं, जो गलत, संवेदनशील और अजीब हैं। एम्बर का एक सीन फिल्म से जरूर हटाया गया है पर उसका मतलब यह नहीं है कि उन्हें फिल्म से पूरी तरह से निकाल दिया गया है।"
ट्रोल होने पर बोलीं एम्बर
हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू के दौरान एम्बर ने खुद को सोशल मीडिया पर ट्रोल किए जाने और मीम बनाए जाने को लेकर बात की। एम्बर ने कहा, 'वे कैसे निर्णय ले सकते थे, वे उस निष्कर्ष पर कैसे आ सकते थे...? मैं उन्हें दोष नहीं देती। मैं यह बात समझती हूं कि वह एक फेमस एक्टर हैं और लोगों को लगता है कि वे उन्हें जानते हैं। वह एक शानदार अभिनेता हैं। मुझे नहीं लगता कि आप मुझे यह बता सकते हैं कि ये सही है या गलत। अगर आपको लगता है कि मैं झूठ बोल रही हूं, तो मेरी आंखों में देखकर कोई भी ये नहीं कह सकता कि सोशल मीडिया पर निष्पक्ष प्रतिनिधित्व हो रहा है।'
