पूर्व पुलिस अफसर संजय पांडेय के वर्सोवा विधानसभा सीट से ताल ठोक देने के बाद से फिल्मी सितारों के इस इलाके में सियासी हलचल काफी तेज है। बीते विधानसभा चुनाव में सिर्फ 5186 वोटों से कांग्रेस प्रत्याशी को हराने में सफल हो सकीं भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की वर्सोवा विधानसभा क्षेत्र से विधायक भारती लवेकर का नाम बीजेपी की पहली सूची में न होने से उनके समर्थकों में खासी निराशा है। भारती के यहां न्यू म्हाडा स्थित कार्यालय में भी गहमागहमी कम होने लगी है और चर्चा यही है कि इस बार उनके स्थान पर पार्टी कोई दमदार प्रत्याशी तलाश रही है।
Maharashtra Elections 2024: सितारों के इलाके में बिछ गई चुनावी बिसात, बीजेपी में उठापटक, कांग्रेस का नया दांव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चुनाव एलान से ठीक पहले भारती ने कुछ फिल्मी सितारों के साथ सार्वजनिक कार्यक्रम तो किए लेकिन सू्त्र बताते हैं कि वर्सोवा विधानसभा क्षेत्र से ही मुख्य रूप से चलने वाली हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से मिली आंतरिक रिपोर्ट भारती के पक्ष में नहीं है। हिंदी फिल्म जगत का अधिकतर काम इन दिनों अंधेरी पश्चिम में लिंक रोड और वीरा देसाई रोड के बीच के भूखंड से ही संचालित होता है। इन फिल्म निर्माण कंपनियों के दफ्तरों में काम करने वाले अधिकतर लोग यहां चार बंगला, सात बंगला, आराम नगर, यारी रोड, लोखंडवाला और वर्सोवा इलाकों में ही रहते हैं। इनमें से अधिकतर स्थानों पर सड़कों की दिक्कत लगातार बनी हुई है।
धर्मा प्रोडक्शन्स, बालाजी टेलीफिल्म्स, जी स्टूडियोज, गोल्डन रेशियो फिल्म्स और यशराज फिल्म्स फिल्मी कंपनियों के दफ्तरों तक जाने वाली सड़कों पर तो जानलेवा गड्ढों की सुध न कभी स्थानीय प्रशासन ने ली और, स्थानीय नेताओं ने भी इस तरफ कभी ध्यान नहीं दिया। हिंदी फिल्म जगत की सभी यूनियनों की मातृ संस्था माने जाने वाली फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्लूआईसीई) की अगुआई करने वाले फिल्म निर्देशक अशोक पंडित खुद बीते लोकसभा चुनाव में टिकट के दावेदार रहे हैं। फेडरेशन के तमाम नेताओं का यही मानना है कि राज्य में सत्ता में रही सरकार का हिस्सा होने के बावजूद भारती लवेकर ने कभी अपने क्षेत्र की प्रमुख सड़कों की हालत सुधारने की तरफ ध्यान नही दिया।
सूत्र बताते हैं कि इस बारे में हिंदी फिल्म जगत की सक्रिय यूनियनों के कुछ नेताओं ने एक गोपनीय रिपोर्ट भी बीजेपी नेताओं तक पहुंचाई है और इसमें स्थानीय विधायक के बारे में कुछ सख्त टिप्पणियां भी की गई हैं। विधायक के प्रभाव क्षेत्र वाले इलाकों में भी मतदाताओं से बातचीत में भारती लवेकर के पक्ष में बोलने वाले कम ही लोग हैं, यहां तक कि वर्सोवा और अंधेरी में कार्यरत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी भी भारती की उम्मीदवारी को लेकर अपनी मंशा बीजेपी नेताओं के समक्ष जाहिर कर चुके हैं। भारती के नजदीकी कार्यकर्ताओं पर पार्किंग के नाम पर उगाही के आरोप भी लगते रहे हैं और ये मामला स्थानीय पुलिस तक भी पहुंचा है।
संबंधित वीडियो