निर्माताः किरण राव-आमिर खान
निर्देशकः अद्वैत चंदन
सितारेः जाहिरा वसीम, मेहर विज, आमिर खान, राज अर्जुन
रेटिंग ***
जैसे सपने देखना बेसिक होता है, वैसे अच्छी फिल्म की इच्छा भी बेसिक होती है। सपने और अच्छी फिल्म की कोई ठोस परिभाषा नहीं है, उनमें धुंधलापन रहता है। सीक्रेट सुपरस्टार में धुंधलका मौजूद है। मूल रूप से यह गंभीर सिनेमा है, जिसे ब्रांड आमिर खान की चमकीली पन्नी से कॉमिक कलेवर देने की कोशिश की गई है। आप इसे खूबसूरत धोखा मान सकते हैं जिसमें कई बार लगता है कि कहानी लिखने वाला क्या 2017 की ही कह रह रहा है। एक इतना कट्टर पिता कि लड़की का गिटार बजाना भी उसे खुशी नहीं देता, पत्नी पर वह बात-बात में हाथ उठाता है और अपने अलावा किसी के मन की परवाह उसे नहीं है।
Movie Review: मीठे रस में डूबी कड़वी गोली है 'सीक्रेट सुपरस्टार'
हाल के वर्षों में आए सिनेमा में मुस्लिम समाज के कट्टरपंथियों के चेहरों पर से नकाब उठाने की चुनिंदा कोशिशें हुई हैं। उनके दायरे बड़े रहे हैं। यूपी से आए युवा निर्देशक जैगम इमाम की दोजख इन सर्च ऑफ हेवन तथा अलिफ और अलंकृता श्रीवास्तव की लिपिस्टिक अंडर माई बुर्का ऐसी ही फिल्में हैं। जो कट्टर धार्मिक-सामाजिक सोच के विरुद्ध आधुनिक शिक्षा की वकालत और बढ़ती हुई दुनिया के साथ उड़ान भरने को व्याकुल युवाओं की कहानियां ईमानदारी से दिखाती हैं।
मगर आमिर की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर निशाना साधती हुई फ्लॉप सिंगर शक्ति कुमार (आमिर खान) की कॉमेडी के सहारे बढ़ने की कोशिश करती है। इससे मुद्दे की धार कम होती है। अद्वैत चंदन की कोशिशों पर आमिर के स्टारडम का रंग भारी पड़ जाता है।
Movie Review: मीठे रस में डूबी कड़वी गोली है 'सीक्रेट सुपरस्टार'
फिल्म बड़ौदा में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली इंसिया (जाहिरा) और उसकी मां (विज) की कहानी है। सख्त पिता (राज अर्जुन) 17 घंटे काम करता है। बेटी को वह प्यार की नजर से नहीं देखता लेकिन नन्हे बेटे से मुलायम ढंग से पेश आता है। इंसिया सिंगर बनना चाहती है परंतु 12वीं के बाद उसकी शादी का इरादा रखने वाले पिता की पाबंदियों में यह संभव नहीं। तब मां के आइडिये पर अमल करती हुई इंसिया बुर्का पहने यूट्यूब पर सीक्रेट सुपरस्टार नाम से अपने गाने अपलोड करती है।
देखते ही देखते उसकी लोकप्रियता आकाश छूने लगती है। शक्ति कुमार भी उसे अपनी फिल्म में गाने का ऑफर देता है। इस बीच इंसिया के पिता परिवार समेत दुबई शिफ्ट होना चाहते हैं क्योंकि वहां नौकरी लग गई है। इंसिया नहीं जाना चाहती। उसे विश्वास है कि आवाज का जादू उसका करियर बना सकता है। अब क्या होगा?
Movie Review: मीठे रस में डूबी कड़वी गोली है 'सीक्रेट सुपरस्टार'
जाहिरा के अभिनय में जिंदादिली है और वह किशोरवय भूमिका को सहजता से निभा जाती हैं। उनके किरदार में हंसने-रोने के मौके बार-बार आए हैं, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया। वह याद रहती हैं। मां के रोल में मेहर विज प्रभावशाली हैं और घरेलू हिंसा की शिकार महिला के साथ ममतामयी मां के रूप में असर छोड़ती हैं। आमिर फिल्म के सबसे बड़े सितारे हैं।
आप उनके फैन हैं तो वह आपको पसंद आएंगे। संगीत फिल्म की कहानी में गुंथा है परंतु वह ऐसा नहीं है कि याद रहे और छुपकर दिल में बैठ जाए। अद्वैत की यह पहली फिल्म है, जिसे आमिर के नाम-काम का सहारा मिला है। अतः फिलहाल उनकी प्रतिभा ‘सीक्रेट’ है। दूसरी फिल्म में वह खुल कर सामने आ सकेगी।
कमेंट
कमेंट X