टोक्यो ओलंपिक में देश को स्वर्ण पदक दिलाने के बाद से नीरज चोपड़ा अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने रहते हैं। इसी बीच नीरज डांसिंग रियलिटी शो डांस+6 के आने वाले एपिसोड में नजर आने वाले हैं। वहीं, शो प्रसारित होने से पहले इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में शो में पहुंचे नीरज काफी मस्ती करते नजर आ रहे हैं।
Dance +6 : शो में पहुंचे नीरज चोपड़ा ने शक्ति मोहन को किया प्रपोज, हाथ पड़कने पर दिया मजेदार जवाब
वीडियो में नीरज चोपड़ा अपने अंदाज में शक्ति मोहन को प्रपोज करते नजर आ रहे हैं। दरअसल, पहले राघव शक्ति के लिए अपनी भावनाओं को व्यक्त करने की कोशिश करते हैं। लेकिन बाद में शक्ति खुद ही नीरज से मंच पर उनको प्रपोज करने की रिक्वेस्ट करती हैं, ताकि राघव उनसे यह सीख सके।
जैसे ही नीरज शक्ति को प्रपोज करने जाते हैं, शक्ति उन्हें अपना हाथ पकड़कर प्रपोज करने को कहती हैं। इस पर नीरज थोड़ा ब्लश करने लगते हैं। वहीं, शो के एक अन्य जज सलमान युसूफ खान नीरज को सलाह देते हैं वह शक्ति के हाथ को 'भाला' समझकर पकड़ लें। नीरज इस पर मजाकिया अंदाज में जवाब देते हैं कि "फिर वो फेंकने वाला हो जाएगा।" इस पर वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगते हैं।
शक्ति की बात मानते हुए नीरज चोपड़ा नेशनल टीवी पर शक्ति मोहन को अपने खास अंदाज में प्रपोज करते हैं। वह कहते हैं कि 'मेरी लाइफ में तो सबसे जरूरी भाला (जैवलिन) है। बाकी मुझे ना तो अच्छा खाना बनाना आता है और ना ही समय दे सकता हूं।' इस पर वहां मौजूद सभी लोग तालियां बजाने लगते हैं।
डिज्नी + हॉटस्टार द्वारा शेयर किए गए एक अन्य वीडियो में नीरज अपने डांसिंग स्किल्स दिखाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में नीरज अलग-अलग मौकों पर किए जाने वाले डांस मूव्स करते दिखाई दे रहे हैं।