बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत अपने रियलिटी शो ‘लॉकअप’ से दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। कंगना का ये शो ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगा, जिसमें मनोरंजन जगत के 16 विवादित सेलिब्रिटीज एक-दूसरे के पंगा लेते हुए दिखाई देंगे। कंगना की जेल में कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी भी कैद होते हुए दिखाई देंगे, जिनकी झलक फैंस देख चुके हैं। वहीं, अब कंगना के इस रियलिटी शो का नया प्रोमो वीडियो सामने आया है, जो शो के प्रीमियर का है। इस वीडियो में मुनव्वर फारूकी शो में एंट्री लेते हुई दिखाई दे रहे हैं। इस प्रोमो की खास बात ये है कि इसमें मुनव्वर फारूकी प्रीमियर में ही कंगना रणौत से पंगा लेते हुए दिख रहे हैं।
LockUpp Premiere: मुनव्वर फारूकी पर भड़कीं कंगना रणौत ने कही ये बात, सुनकर कॉमेडियन बोले- धमकियां मत दीजिए
शो में कंगना रणौत मुनव्वर फारूकी से सवाल करती हैं कि आप इस शो में क्यों आए हैं और क्या आप मुझसे पंगा लेने आए हैं? इसके बाद कंगना कहती हैं, ‘मैं मजाक कर रही हूं। हम भी जोक मार सकते हैं।’ कंगना की इस बात पर मुनव्वर बेहद ही एटीट्यूड के साथ बोलते हैं, ‘ये ज्यादा मजाकिया नहीं था।’ इसके बाद मुनव्वर ये भी कहते हैं कि मुझे कॉमेडी से कोई बदलाव नहीं करना है। कलाकार कभी कोई बदलाव नहीं लेकर आए हैं।
मुनव्वर फारूकी की इस बात पर वहां मौजूद हर कोई हंसने लगता है। खुद कंगना भी मुनव्वर की बात सुनकर हैरान रह जाती हैं। वह कहती हैं, ‘क्या कहा आपने... कलाकार कभी क्रांति नहीं लेकर आया। अगर यहां पर सजा-ए-मौत होती तो आपको अब तक दे दी जाती।’ हालांकि, कंगना की इस बात का मुनव्वर भी जवाब देने से खुद को रोक नहीं पाते हैं। वह कहते हैं, ‘मुझे धमकियां मत दीजिए।’
कंगना और एकता कपूर का यह शो 'लॉकअप' ओटीटी प्लेटफॉर्म ऑल्ट बालाजी और एमएक्स प्लेयर पर फ्री में स्ट्रीम किया जाएगा। दर्शक इसे 24 घंटे अपने फोन या टीवी पर देख सकेंगे। आज रात शो का पहला एपिसोड प्रसारित किया जाएगा, जिसमें कंगना रणौत बतौर होस्ट दर्शकों से रूबरू होंगी। आज कंगना सभी कैदियों (कंटेस्टेंट्स) का शो में स्वागत करती हुई नजर आएंगी, जिसकी एक झलक इस प्रोमो वीडियो में देख ली है।
कंगना रणौत की जेल में कुल 16 कैदी नजर आएंगे। मुनव्वर फारूकी के अलावा, शो में करणवीर बोहरा, पूनम पांडे, निशा रावल, बबीता फोगाट जैसे सितारें नजर आएंगे, जो कभी न कभी विवादों में रह चुके हैं। कंगना रणौत इन सभी को टॉर्चर करने का एक भी मौका नहीं छोड़ेंगी।
