जब से भारतीय सिनेमा ने ओटीटी का रूप लिया है, फिल्म निर्माता अपनी वेब सीरीज और फिल्मों के लिए देश की हर इंडस्ट्री से सितारों को कास्ट कर रहे हैं। चाहे फिर वह बॉलीवुड से हो या साउथ से, निर्माताओं ने साउथ की बहुत सी अभिनेत्रियों को भी अपने प्रोजेक्ट्स में कास्ट किया है। 'द फैमिली मैन 2' में सामंथा रूथ प्रभु से लेकर 'रॉकेट बॉयज' में रेजिना कैसेंड्रा तक, साउथ की जानी-मानी अभिनेत्रियां पिछले कुछ वर्षों में हिंदी वेब सीरीज में शानदार प्रदर्शन करती नजर आई हैं। हमने आज आपके लिए ऐसी ही अभिनेत्रियों की एक लिस्ट तैयार की है, जिन्होंने नॉर्थ बेल्ट में अपनी एक्टिंग का तड़का लगाया है।
South Divas: अब साउथ की फिल्में छोड़ ये अभिनेत्रियां लगा रही हैं बॉलीवुड सीरीज में तड़का, नाम जान होगी हैरानी
सामंथा रुथ प्रभु
अपने अभिनय के कारण सुर्खियों में रहने वाली साउथ अभिनेत्री सामंथा रूथ प्नभु ने पिछले साल अमेजन प्राइम वीडियो की स्पाई थ्रिलर सीरीज 'द फैमिली मैन' के दूसरे सीजन में पावर-पैक प्रदर्शन दिया था। वह इसमें श्रीलंकाई विद्रोही राजलक्ष्मी शेखरन उर्फ राजी का रोल निभा रही थीं। 'द फैमिली मेन 2' में मनोज बाजपेयी मुख्य भूमिका में थे।
नित्या मेनन
साउथ की 'ओ कधल कनमनी' और 'उस्ताद होटल' जैसी प्रशंसा प्राप्त करने वाली फिल्मों में काम करने के बाद, नित्या को नार्थ बेल्ट में भी काफी प्रशंसा मिली। उन्होंने हिंदी बेल्ट में तब सुर्खियां बटोरीं, जब उन्होंने अमेजन प्राइम की क्राइम थ्रिलर सीरीज 'ब्रीद: इन्टू द शैडो' में काम किया। नित्या इसमें अभिषेक बच्चन की पत्नी की भूमिका में नजर आईं थीं।
रेजिना कैसेंड्रा
रेजिना कैसेंड्रा ने सोनी लिव की दो महान भारतीय वैज्ञानिकों डॉ. होमी जहांगीर भाभा और डॉ. विक्रम साराभाई के जीवन पर केंद्रित शानदार सीरीज 'रॉकेट बॉयज' में काम किया। महान नृत्यांगना और साराभाई की पत्नी मृणालिनी स्वामीनाथन का किरदार निभाकर रेजिना कैसेंड्रा को बहुत प्रशंसा मिली। उन्होंने अपने किरदार को बहुत ही शानदार ढंग से निभाया है।
प्रियामणि
'चेन्नई एक्सप्रेस' के गाने '1 2 3 4 गेट ऑन द डांस फ्लोर' में शाहरुख खान के साथ अपने डांस मूव्स के लिए जानी जाने वाली, प्रियामणि ने 'द फैमिली मैन' में अपने अभिनय का ज्लावा बिखेरा। वह इसमें सुचित्रा तिवारी उर्फ सुची की भूमिका निभाती नजर आईं। प्रियामणि ने साबित कर दिया कि मनोज बाजपेयी के अपोजिट उन्हें कास्ट करने का फैसला गलत नहीं था।
