नया साल नई उम्मीदें : चांद-सूरज पर निगाहें डाले... आजादी के 75वें साल में प्रवेश
बीते दो वर्षों की कोरोना महामारी में किसी के सपने खत्म हुए तो किसी के अपने। लेकिन, जीवन फिर खिलखिलाए, उम्मीदें खत्म नहीं हुईं, न होंगी। इन्हीं उम्मीदों के साथ हम 2022 में प्रवेश कर रहे हैं। भारतवासी अगले 365 दिनों में नए लक्ष्यों की ओर बढ़ेंगे। आजादी के 75वें साल में इस महामारी से आजादी की उम्मीदें भी कायम हैं...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मनोरंजन : 15 करोड़ होंगे दर्शक
सिनेमाघरों के बजाय अपने घर में टीवी व मोबाइल पर फिल्में देखने का चलन बीते एक साल में आम हो चुका है। यही कारण है कि 2021 में जिस ओवर द टॉप (ओटीटी) कंटेंट प्लेटफॉर्म का कारोबार करीब 8 हजार करोड़ रुपये रहा, उसके अगले 5 साल में चार गुना होने की संभावना है। इसमें भी 2022 में तेज प्रगति होगी। पिछले साल 9.6 करोड़ लोगों ने इन प्लेटफॉर्म को पैसा देकर फिल्में, टीवी सीरियल और अन्य मनोरंजक सामग्री देखी। इस साल संख्या 13 से 15 करोड़ तक पहुंच सकती है।
ओटीटी कंटेंट देखने वालों का वास्तविक आंकड़ा इससे 2.4 गुना अधिक है, क्योंकि एक सब्सक्रिप्शन पर औसतन 2.4 यूजर्स कंटेंट देख रहे हैं। इस प्लेटफॉर्म की बढ़ती पहुंच के कारण कोरोना काल में फिल्में सीधे यहीं रिलीज होने लगीं। 2021 में 8 हजार करोड़ रुपये के ओवर द टॉप (ओटीटी) कंटेंट प्लेटफॉर्म के अगले 5 साल में चार गुना होने की संभावना है। इसमें 2022 में अहम प्रगति होगी।
तकनीक : 13 शहरों में 5जी, 3.7 जीबी प्रति सेकंड मिलेगी इंटरनेट स्पीड
दिल्ली, लखनऊ, चंडीगढ़, गुरुग्राम, मुंबई, पुणे, हैदराबाद, जामनगर, कोलकाता, गांधीनगर, चेन्नई, अहमदाबाद, बेंगलुरु, ये वो शहर हैं जहां नया साल 5जी इंटरनेट सेवाएं लेकर आएगा। इन शहरों में निजी टेलीकॉम कंपनियों ने 5जी के परीक्षण बीते साल ही कर लिए थे। परीक्षण में 3.7 जीबी से 9.85 जीबी प्रति सेकंड तक की इंटरनेट स्पीड हासिल की गई।
देश के सांविधानिक प्रमुख और सबसे बड़े राज्य के चुनाव का साल
जुलाई, 2022 में देश के सांविधानिक प्रमुख के रूप में 15वें राष्ट्रपति का चुनाव होगा। वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का पांच साल का कार्यकाल जुलाई में पूरा होगा। इस चुनाव में देश के 776 सांसद और 4,120 विधायक मतदान करेंगे।
राष्ट्रपति चुनाव से पहले फरवरी-मार्च में देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश सहित उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव होंगे। यूपी के चुनाव में करीब 15 करोड़ मतदाता हिस्सा लेंगे। कोरोना महामारी के बीच होने जा रहे इन चुनावों में प्रचार से संबंधित कई पाबंदियां देखने को मिल सकती हैं।
आईटी : 7.5 लाख करोड़ के पार होगा हमारा खर्च
कोरोना महामारी की मंदी से उबरने का संकेत देते हुए नए साल में आईटी क्षेत्र में भारत का खर्च 10,000 करोड़ डॉलर यानी करीब 7,50,000 करोड़ रुपये के पार जा सकता है।
- अमेरिकी एजेंसी गार्टनर की रिपोर्ट के अनुसार, 2022 में इस मद में 7 प्रतिशत ज्यादा खर्च होगा। खर्च का 43 प्रतिशत हिस्सा विभिन्न उपकरणों की खरीद में जाएगा। महामारी के नए हालात में वर्क फ्रॉम होम और हाइब्रिड वर्किंग मॉडल से भी इन उपकरणों की मांग और बढ़ेगी।
- विभिन्न कंपनियां व एजेंसियां भी इंटरनेट के जरिये लोगों तक पहुंचने के लिए सॉफ्टवेयर सेवाओं में अपना निवेश बढ़ाएंगी। यह निवेश 14.4 प्रतिशत तक बढ़ेगा और 1,000 करोड़ डॉलर तक जा सकता है। नतीजे में आईटी देश में सबसे ज्यादा रोजगार देने वाला क्षेत्र बना रहेगा।